
दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से ठगी, तांत्रिक बातों में उलझाकर सोने की चेन ले उड़े दो युवक
सीताराम गेट क्षेत्र की घटना CCTV में कैद, नयाशहर थाना पुलिस तलाश में जुटी
बीकानेर। शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को कथित ज्योतिष और तंत्र-मंत्र की बातों में उलझाकर सोने की चेन ले जाने का मामला सामने आया है। वारदात सीताराम गेट के सामने की बताई जा रही है। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार जस्सूसर गेट के बाहर रहने वाली पार्वती स्वामी विश्वकर्मा गेट के सामने स्थित रामदेव मंदिर में दर्शन कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पारीक अस्पताल के सामने दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने खुद को हरिद्वार का पंडित बताते हुए ज्योतिष और तंत्र-मंत्र से जुड़ी बातें शुरू कर दीं।
महिला के अनुसार युवकों ने उनसे कहा कि उनका समय खराब चल रहा है और उनके छोटे बेटे के साथ अनहोनी हो सकती है। इसके बाद युवकों ने महिला को पीछे जाकर 11 पत्थर लाने को कहा। महिला जब पत्थर लेकर लौटी तो एक युवक ने उन्हें आंखें बंद कर ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करने के लिए कहा।
इसी दौरान महिला से गले में पहनी सोने की चेन उतारकर दूसरे युवक को देने को कहा गया। महिला ने उनकी बात मानते हुए चेन दे दी, जिसके बाद युवक चेन लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश की। बाद में नयाशहर थाना पुलिस को सूचना दी गई। एसआई हंसराज और सिपाही मनोज ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक का चेहरा स्पष्ट दिखाई देने की बात सामने आई है।
परिजनों का कहना है कि महिला को युवकों ने सम्मोहित जैसा कर दिया था। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान और तलाश में जुटी है।

















