Bikaner Live

राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र को पत्नी शोक, सत्यवती मिश्र का 79 वर्ष की आयु में निधन

नोएडा के अस्पताल में ली अंतिम सांस, फेफड़ों में संक्रमण के कारण चल रहा था उपचार; आज होगा अंतिम संस्कार
जयपुर/नोएडा, 13 सितंबर। राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्र का रविवार को निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फेफड़ों में संक्रमण के कारण उन्हें नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
कलराज मिश्र ने सोशल मीडिया के माध्यम से पत्नी के निधन की जानकारी देते हुए लिखा, “मेरी धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्रा जी आज अपनी जीवन यात्रा पूर्ण कर ईश्वर के श्रीचरणों में विलीन हो गई हैं। प्रभु उनको अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति।”
बताया जा रहा है कि सत्यवती मिश्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें नोएडा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली थी। उपचार के दौरान रविवार को उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार नोएडा में किया जाएगा।
सत्यवती मिश्र के निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
कलराज मिश्र भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वह राजस्थान के राज्यपाल रहने के साथ केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार में भी विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। पत्नी के निधन पर राजस्थान के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!