अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 30 करोड़ की कीमत का मादक पदार्थ बरामद, डिलीवरी लेने वालों की तलाश में सर्च अभियान जारी
दैनिक श्रेष्ठ न्यूज़ चीफ ब्यूरो नन्दलाल दुगरिया जिला श्रीगंगानगर राजस्थान
रावला। भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में पुलिस, CID और BSF की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान 5 किलो 615 ग्राम हेरोइन तथा 508 ग्राम अफीम जब्त की गई। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 और 13 सितंबर की मध्यरात्रि कांस्टेबल ओमप्रकाश से मिली सूचना के बाद थाना अधिकारी बलवंत कुमार, पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सहित CID एवं BSF की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। टीम ने 14 केएनडी निवासी संतराम बिश्नोई के खेत में सघन तलाशी अभियान चलाया।
सर्च अभियान के दौरान खेत से मादक पदार्थ की बड़ी खेप बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह मादक पदार्थ पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में गिराया गया था। कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्र में भी सर्च अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रोन के जरिए गिराई गई इस खेप को लेने के लिए कौन-कौन लोग सक्रिय थे और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है। डिलीवरी लेने वालों और इस नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों की तलाश में अभियान जारी है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं।

















