Bikaner Live

रामपुरिया हवेलियों से लक्ष्मीनाथ मंदिर तक पैदल चल में जाना बीकानेर का इतिहास, स्थापत्य और खान-पान

विश्व पर्यटन दिवस पर पहली बार हुआ हेरिटेज ट्रेजर हंट

बीकानेर, 27 सितंबर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को शहरी परकोटे में पहली बार हेरिटेज ट्रेजर हंट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहरवासियों, युवाओं के साथ पर्यटकों ने रामपुरिया हवेलियों से लेकर लक्ष्मीनाथ मंदिर तक पैदल चलते हुए बीकानेर की समृद्ध स्थापत्य कला, सांस्कृतिक विरासत और खान-पान की परंपरा को करीब से जाना।

पर्यटन विभाग द्वारा बीकानेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से बीकानेर रन क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस अभिनव कार्यक्रम में प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। रास्ते में लोक वाद्य यंत्रों पर प्रस्तुतियां, नृत्य और विभिन्न पहेलियों के माध्यम से बीकानेर की संस्कृति और विरासत को समझने का प्रयास किया गया। पूरे आयोजन में ऐसा माहौल देखने को मिला, जिसमें फिटनेस के साथ इतिहास और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला।

जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने भी पूरे हेरिटेज रूट पर प्रतिभागियों के साथ पैदल चलते हुए बीकानेर की संस्कृति और विरासत के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीकानेर की हवेलियां और यहां की समृद्ध स्थापत्य कला देश-दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं। यहां की परंपराएं, रीति-रिवाज और खान-पान की शैली भी अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि बीकानेर रन क्लब द्वारा युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विभिन्न विषयों के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत रामपुरिया हवेलियों से हुई। इसके बाद प्रतिभागी मोटा चौक, पुराने बाजार, सब्जी बाजार और चूड़ी बाजार होते हुए लक्ष्मीनाथ मंदिर पहुंचे। मार्ग में बीकानेर की कला, संस्कृति, इतिहास और विरासत से संबंधित विभिन्न पहेलियां पूछी गईं, जिनका प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं की घोषणा की गई।

बीकानेर रन क्लब के फाउंडर ईशान शर्मा ने बताया कि क्लब की ओर से शहर के युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के साथ ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जो उन्हें किसी महत्वपूर्ण सामाजिक, सांस्कृतिक या ऐतिहासिक विषय से भी जोड़ें। हेरिटेज ट्रेजर हंट इसी उद्देश्य की एक पहल है।

कार्यक्रम के समापन पर लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय संस्कृति और कला की झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर बीकानेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े नाना, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, श्री मनु गर्ग, उपवन संरक्षक श्री वेंकटेश जी. सहित पर्यटन विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

पर्यटन विभाग के उपनिदेशक कृष्ण कुमार ने आभार जताया। पर्यटन विभाग के अधिकारी पवन कुमार शर्मा और नेहा शेखावत, राजस्थान प्राच्य विद्या मंदिर के निदेशक डॉ. नितिन गोयल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!