गीता के ज्ञान से नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का प्रयास; कार्यकर्ता और शिक्षक तैयारियों में जुटे
नोखा। मानव प्रबोधन प्रन्यास, श्री लालेश्वर महादेव मंदिर, शिवमठ, शिवबाड़ी, बीकानेर के तत्वावधान में आयोजित गीता ज्ञान लिखित परीक्षा 2026 का आयोजन 3 अक्टूबर 2026 को नोखा के 17 स्कूलों में किया जाएगा। परीक्षा श्री विमर्शानन्द गिरी महाराज के सान्निध्य तथा नोखा पर्यवेक्षक हरीश शर्मा के नेतृत्व में होगी। इस वर्ष परीक्षा में 2,711 विद्यार्थी शामिल होंगे।
नोखा प्रभारी पवन चांडक ने बताया कि परीक्षा को लेकर क्षेत्र के सनातनी कर्मठ साधक (कार्यकर्ता) पूरी तरह सक्रिय हैं। सभी संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और शिक्षिकाएँ भी परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पूर्ण समर्पण भाव से व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक आयोजन से जुड़ेंगे संस्कार
परीक्षा के दिन ही नोखा प्रभारी पवन चांडक की पुत्री खुशी चांडक का जन्मदिन भी है। जन्मदिन के इस शुभ अवसर पर गीता ज्ञान परीक्षा जैसे भव्य धार्मिक एवं शैक्षणिक आयोजन का होना विशेष संयोग माना जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों को भारतीय संस्कृति, धर्म और संस्कारों से जोड़ने का संदेश दिया जा रहा है l
नोखा के संयुक्त प्रभारी महावीर साध ने सभी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और समाज के लोगों से गीता के इस पावन आयोजन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गीता के ज्ञान, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़कर उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य सामूहिक रूप से किया जाना चाहिए।
नोखा पत्रकार इन्द्रचन्द मोदी ने बताया कि गीता ज्ञान परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में श्रीमद्भगवद्गीता के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनके जीवन में संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।











