
खाद्य मंत्री ने किया विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
खाद्य मंत्री लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र को लगातार दे रहे विकास कार्यों की सौगातें
बीकानेर, 28 सितंबर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार, शहरों के साथ दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को आधारभूत सुविधाओं की दृष्टि से विकसित और समृद्ध बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। आज गांव-गांव में सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के साथ मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक परिवार के जीवन में सुविधाओं तथा अवसरों का विस्तार हो।
मंत्री श्री गोदारा ने सोमवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर विकास कार्यों के लोकार्पण अथवा शिलान्यास कार्यक्रमों में यह बात कही। गोदारा सोमवार को भी लगातार क्षेत्र में रहे और स्थानीय नागरिकों को अनेक विकास कार्यों की सौगातें दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं का उद्देश्य आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाना है।
उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें गांवों को मुख्य मार्गों और बाजारों से जोड़ती हैं, वहीं नियमित पेयजल और विद्युत आपूर्ति से ग्रामीण परिवारों की दैनिक आवश्यकताओं के साथ कृषि, व्यापार और रोजगार गतिविधियों को भी मजबूती मिलती है। स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से ग्रामीणों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इसी प्रकार पार्कों में जिम एवं झूलों जैसी सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर जीवनशैली और स्वस्थ वातावरण को बढ़ावा देती हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों को जनता को समर्पित करना केवल निर्माण पूरा होने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि योजनाओं के वास्तविक लाभ को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विकास कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं हो तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण किए जाएं। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के साथ आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
*इन स्थानों पर हुए विकास कार्य*
मंत्री श्री गोदारा ने जैतपुर में 2 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 2 किलोमीटर अटल प्रगति पथ, टालीवाला से घनीयासर तक 3 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत से बनने वाली 9 किलोमीटर सड़क तथा नोहड़ा चक में राईका चक-शेरपुरा से 19 एमकेडी तक 8 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाली 22 किलोमीटर सड़क का शिलान्यास किया।
घेसूरा में 55 लाख रुपए की लागत से बने उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण तथा रामबाग में 55 लाख रुपए की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया गया। रामबाग से घेसूरा तक 90 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित 5 किलोमीटर सड़क तथा विधायक निधि से 3 लाख रुपए की लागत से पार्क में बनाए गए जिम एवं झूलों का लोकार्पण किया गया।
शेरपुरा में 1 करोड़ 43 लाख रुपए की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा शेरपुर से अंडरब्रिज तक 1 करोड़ 8 लाख रुपए की लागत से बनी सड़क का लोकार्पण किया गया। राईका चक-शेरपुरा से 19 एमकेडी तक 8 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़क का भी शिलान्यास किया गया।
सुई में वार्ड नंबर एक में 5 लाख रुपए की लागत से बने टीन शेड, 15 लाख रुपए की लागत से बने चिकित्सक आवास तथा करनाला ताल में 10 लाख रुपए की लागत से बनी 3 किलोमीटर पानी की पाइपलाइन का लोकार्पण किया गया। बखूसर में 3 करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 33/11 केवी जीएसएस का शिलान्यास किया गया।
मंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, पेयजल, विद्युत और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी और स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा कराकर उनका लाभ आमजन तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











