
जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल, फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं की समीक्षा की
बीकानेर, 28 सितंबर। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपर्क पोर्टल, फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं का अधिकतम सात दिन में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा परिवादी की संतुष्टि का स्तर भी बढ़ाया जाए।
उन्होंने बताया कि जिले में संपर्क पोर्टल पर परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 17 दिन है। इसे कम करने के निर्देश देते हुए उन्होंने नगर निगम की सर्वाधिक लंबित परिवेदनाओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा। साथ ही सीएमओ एवं सीपी ग्राम की परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
*ई-फाइलिंग को दें प्राथमिकता*
जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को ई-फाइलिंग व्यवस्था का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-फाइलिंग से फाइल गुम होने की संभावना नहीं रहती तथा रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनी रहती है।
*बैंकों में लंबित नहीं रहें प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के आवेदन*
फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत लंबित ऋण आवेदनों पर जिला कलेक्टर ने एलडीएम को निर्देश दिए कि बैंकों में भेजे गए आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत करवाया जाए अथवा नियमानुसार रिजेक्ट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के ऋण आवेदन बैंकों में अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने चाहिए।
उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना, स्वामित्व योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, अटल ज्ञान केंद्र, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर प्रगति बढ़ाने तथा संबंधित कार्यों की स्वीकृतियां शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
*बजट घोषणाओं पर कार्यवाही तेज करने के निर्देश*
जिला कलेक्टर ने डीओआईटी, पीएचईडी, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, स्किल, रीको सहित विभिन्न विभागों की बजट घोषणाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घोषणाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
*65 विद्यार्थी सीख रहे जर्मन, 28 विद्यार्थी स्पेनिश*
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा में डूंगर कॉलेज प्रतिनिधि प्रो. बृजरतन जोशी ने बताया कि डूंगर कॉलेज में 65 विद्यार्थी जर्मन भाषा तथा महारानी कॉलेज में 28 विद्यार्थी स्पेनिश भाषा सीख रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में दोनों केंद्र मॉडल के रूप में कार्य कर रहे हैं।
*बांठिया स्कूल भीनासर बना ग्रीन एनर्जी स्कूल*
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सीडीईओ श्री अरुण शर्मा ने बताया कि भीनासर स्थित बांठिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को ग्रीन एनर्जी स्कूल के रूप में नामित किया गया है। इससे संबंधित सामग्री भी राज्य स्तर से विद्यालय को प्राप्त हो चुकी है।
*जोड़बीड़ योजना के लिए 30 करोड़ की डीपीआर*
पीएचईडी की समीक्षा में अधीक्षण अभियंता श्री जेके चारण ने बताया कि जोड़बीड़ आवासीय योजना में जलापूर्ति के लिए करीब 30 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार कर लगभग सात दिन पहले राज्य स्तर पर भेजी गई है। जिला कलेक्टर ने इसकी प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
*10 या अधिक कार्मिक वाले कार्यालयों का शी-बॉक्स पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य*
महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक सुश्री अनुराधा सक्सेना ने बताया कि 10 या अधिक कार्मिक वाले सरकारी एवं निजी कार्यालयों का शी-बॉक्स पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। कार्यालय में सभी कार्मिक पुरुष होने पर भी पंजीकरण आवश्यक है। जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित कार्यालयों को पोर्टल पर एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीडीए कमिश्नर सुश्री स्नेहल धायगुडे, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, आईएएस श्री मनु गर्ग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











