Bikaner Live

जनसमस्याओं को लेकर उपमहापौर पंकज गहलोत के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने निगम आयुक्त से की मुलाकात, प्रथम साधारण सभा जल्द बुलाने की मांग


बीकानेर, 30 सितंबर। नगर निगम बीकानेर के उपमहापौर पंकज गहलोत के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर शहर की प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान तथा नवनिर्वाचित नगर निगम बोर्ड की प्रथम साधारण सभा यथाशीघ्र आयोजित करने की मांग की।
उपमहापौर पंकज गहलोत ने आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि प्रथम साधारण सभा आयोजित होने से शहर के विकास एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सदन में व्यापक चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकेंगे। उन्होंने वर्तमान में व्याप्त जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की आवश्यकता भी रखी।
बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों की स्थिति तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नई हाई-मास्ट लाइट लगाने, सड़क एवं नाला-नालियों के मरम्मत कार्य की समीक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने निराश्रित गौवंश को कांजी हाउस तथा आवारा कुत्तों को डॉग शेल्टर होम में रखने एवं इससे संबंधित व्यवस्थाओं, सीवर लाइन से जुड़ी समस्याओं के समाधान तथा प्रत्येक वार्ड में पार्षद एवं संबंधित कर्मचारियों की जानकारी सूचना बोर्ड पर नवीनतम रूप से उपलब्ध करवाने की मांग रखी।
उपमहापौर पंकज गहलोत ने आयुक्त से आग्रह किया कि उक्त विषयों सहित शहर के अन्य जनोपयोगी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया, भगवती गौड़, विक्रम सिंह राजपुरोहित, प्रकाश व्यास, उम्मेद सिंह राजपुरोहित, संदीप गहलोत, विशाल सोनी, चित्रा देवी, सिंवरी नायक, सुषमा शर्मा, दीपक तंवर, कपिल चारण, निशा पारीक, कविता विश्नोई, शिव गहलोत, लीला गहलोत, जगदीश सोलंकी, शंकर लाल तंवर, राजेंद्र शर्मा, आनंद सोनी सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!