बीकानेर, 2 अक्टूबर। महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना संस्थान के तत्वावधान में 2 अक्टूबर को द्वितीय वन-डे कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजू वास विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. पंकज शर्मा रहे।
इस अवसर पर प्रोफेसर राजनी रमण झा ने महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को गांधीजी के आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, सादगी एवं देश के प्रति उनके समर्पण के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. ललित चौधरी एवं जयदीप सिंह ने छात्राओं को योग एवं मेडिटेशन के महत्व की जानकारी दी तथा नियमित योग एवं ध्यान को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
वन-डे कैंप का मुख्य विषय “नशा मुक्ति” रहा। इस अवसर पर डॉ. अंजलि शर्मा, नशा मुक्ति प्रभारी डॉ. श्रद्धा शर्मा एवं संदीप कुमार ने नशे के दुष्प्रभावों एवं इससे बचाव के उपायों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा छात्राओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
नशा मुक्ति के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई प्रथम, इकाई तृतीय एवं इकाई चतुर्थ की छात्राओं ने नशा मुक्ति विषय पर नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे के कारण व्यक्ति, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
कैंप में डांस, एक्सटेम्पोर स्पीच, एकल गायन एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें चारों इकाइयों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई प्रथम की कादंबरी व्यास, इकाई द्वितीय की डाली गोदारा, इकाई तृतीय की डॉ. पूजा मीणा एवं इकाई चतुर्थ की कोमल राठौड़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन इकाई द्वितीय की कार्यक्रम अधिकारी डाली गोदारा ने किया।
कैंप के माध्यम से छात्राओं को नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, योग, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक किया गया।















