Bikaner Live

बीकानेर में पहली बार भव्य स्तर पर होगा सीबीएसई स्किल एक्सपो एवं गाइडेंस फेस्टिवल 2026

श्री जैन पब्लिक स्कूल में 9 अक्टूबर को जुटेंगे विभिन्न जिलों के विद्यार्थी, कौशल आधारित प्रोजेक्ट्स और नवाचारों का होगा प्रदर्शन
बीकानेर, 8 अक्टूबर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), अजमेर क्षेत्र के तत्वावधान में श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर में 9 अक्टूबर 2026 को “सीबीएसई स्किल एक्सपो एवं गाइडेंस फेस्टिवल 2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों में कौशल आधारित शिक्षा, रचनात्मकता, नवाचार, उद्यमिता तथा भविष्य के रोजगार एवं करियर अवसरों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अजमेर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक, कौशल शिक्षा विभाग, सीबीएसई, नई दिल्ली श्री सतीश पहल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ सीबीएसई के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि, विषय विशेषज्ञ, शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य गणमान्यजन भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सात प्रमुख थीम पर प्रदर्शित होंगे विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट
सीबीएसई स्किल एक्सपो में अजमेर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए कौशल आधारित प्रोजेक्ट्स, मॉडल एवं अभिनव प्रस्तुतियों को विभिन्न प्रमुख थीम के अंतर्गत प्रदर्शित किया जाएगा।
इनमें एंटरप्रेन्योरशिप एंड फाइनेंशियल लिटरेसी, एनवायरमेंट एंड सस्टेनेबिलिटी, हेल्थ एंड वेलनेस, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी, मीडिया डिजाइन एंड कम्युनिकेशन, एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट तथा एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग एंड कॉमिक्स जैसी विषयवस्तुएं शामिल हैं।
विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए इन प्रोजेक्ट्स में उनकी रचनात्मकता के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, समस्या समाधान की क्षमता और भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शित प्रोजेक्ट्स का सीबीएसई द्वारा नियुक्त जूरी सदस्यों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रोजेक्ट्स को राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित किया जाएगा।
गाइडेंस फेस्टिवल में करियर को लेकर मिलेगा मार्गदर्शन
स्किल एक्सपो के साथ-साथ गाइडेंस फेस्टिवल का आयोजन भी समानांतर रूप से किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को शिक्षा और रोजगार के बदलते स्वरूप के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उभरते हुए करियर विकल्पों के बारे में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
गाइडेंस फेस्टिवल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ-साथ नए एवं उभरते हुए क्षेत्रों की जानकारी देना है, ताकि वे अपनी रुचि, क्षमता एवं कौशल के अनुरूप भविष्य के लिए बेहतर विकल्प का चयन कर सकें।
पहली बार बीकानेर को मिला इतने बड़े आयोजन की मेजबानी का अवसर
श्री जैन पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती रूपश्री सिपानी ने बताया कि सीबीएसई अजमेर क्षेत्र के तत्वावधान में बीकानेर शहर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर स्किल एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है और इसकी मेजबानी का अवसर श्री जैन पब्लिक स्कूल को मिलना विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में विभिन्न जिलों के विद्यालयों के विद्यार्थी भाग लेंगे। इससे विद्यार्थियों को एक-दूसरे के साथ संवाद करने, अपने अनुभव साझा करने तथा अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कौशल आधारित शिक्षा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, नवाचारी और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि आज के बदलते दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में व्यावहारिक कौशल, रचनात्मक सोच, तकनीकी समझ, वित्तीय साक्षरता और उद्यमिता की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। इस दृष्टि से स्किल एक्सपो विद्यार्थियों के लिए सीखने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया गौरव का अवसर
विद्यालय के शालाध्यक्ष श्री विजय कुमार जी कोचर, सचिव सी.ए. माणक कोचर एवं सीईओ श्रीमती सीमा जैन ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाला सीबीएसई स्किल एक्सपो विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी आयोजन है।
उन्होंने कहा कि बीकानेर को सीबीएसई अजमेर क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी का अवसर प्राप्त होना पूरे शहर के लिए गौरव की बात है। इस आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ देशभर में विकसित हो रहे नए कौशल एवं करियर क्षेत्रों को समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता से यह आयोजन विचारों, नवाचारों और अनुभवों के आदान-प्रदान का एक सशक्त मंच बनेगा। साथ ही, इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ सहयोग, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क जैसे गुण भी विकसित होंगे।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, स्किल एक्सपो एवं गाइडेंस फेस्टिवल 2026 विद्यार्थियों को वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में कौशल आधारित सीखने की उपयोगिता से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!