नोखा। यहाँ लाहोटी चौक स्थित अयोध्या धाम में परम पूज्य दण्डी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज (वृंदावन) के सानिध्य में चातुर्मास सत्संग समिति की ओर से 23 जुलाई 2026 से 20 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे कार्यक्रम के अंतर्गत 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक राजकीय बाबा छोटूनाथ विद्यालय के दक्षिणी द्वार (गेट) के समीप विशाल यज्ञशाला व पांडाल में होने वाले 100 कुण्डीय अमृतचंडी महा यज्ञ एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा हेतु आज 11 अक्टूबर रविवार दोपहर 3 बजे लाहोटी चौक अयोध्या धाम से गाजे बाजे सहित भव्य ऐतिहासिक कलश शोभा यात्रा निकाली जायेगी। जिसमें ढाई हजार से अधिक महिलाएं नई लाल पीली साड़ियों में सजी धज्जी अपने सिर पर कलश धारण कर चलेगी। कलश यात्रा में रथों पर सजीव झांकिया, ऊंट, घोडिया व अलग-अलग दो रथों में एक में दण्डी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज तो दूसरे रथ पर कथा वाचक परम पूज्य डा० गुणप्रकाश चैतन्य महाराज आसीन होकर आशीर्वाद देते रहेंगे। कलश यात्रा अयोध्या धाम से मुख्य-मुख्य मार्गों से होते हुए बाबा छोटूनाथ विद्यालय के खेल मैदान मणिद्वीप महा तीर्थ क्षेत्र में पहुंचेगी। रास्ते में जगह जगह स्वागत किया जायेगा।
समिति के प्रहलाद मोहता, दामोदर तिवारी, गिरधारी पारीक ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 11 बजे एवं सांय 3 से 6 बजे तक महा यज्ञ (हवन) होगा जिसमें बाहर से पधारे विद्वान आचार्य पंडितों द्वारा आहुतियाँ दी जायेगी और यजमान यज्ञशाला के बाहर पांडाल में बैठेंगे। सांय 3 से 6 बजे तक परम पूज्य डा० गुणप्रकाश चैतन्य महाराज व्यास पीठ पर विराजित होकर श्रोताओं को श्रीमद् देवी भागवत कथा का रसास्वादन करायेंगे। सांय 6 बजे काशी की तर्ज पर भव्य आरती के दर्शन होंगे।
समिति के मीडिया प्रभारी इन्द्र चन्द मोदी द्वारा जारी प्रेस नोट में उक्त जानकारी दी ।











