
*स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों को एक छत के नीचे लाने की पहल सराहनीय, घर से व्यवसाय करने वाले उद्यमियों को मिला मंच : कल्ला*
*ऑनलाइन की तुलना में प्रत्यक्ष खरीदारी से मजबूत होता है विक्रेता और ग्राहक का संबंध : मुरली पंवार*
बीकानेर। गणेश आराधना और उत्सवी वातावरण के बीच शुक्रवार को रोटरी भवन, सादुलगंज में चार दिवसीय बीकानेर शॉपिंग मेला–2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। लोकराग फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले का उद्घाटन महापौर अनिल कल्ला एवं समाजसेवी मुरली पंवार ने किया। दीपावली और विवाह के मौसम में स्थानीय व्यापारियों, महिला उद्यमियों तथा घर से व्यवसाय संचालित करने वालों को ग्राहकों से सीधे जोड़ने वाला यह आयोजन 2 नवंबर तक चलेगा।
उद्घाटन अवसर पर रोटरी रॉयल्स के अध्यक्ष विपिन लड्ढा ने अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत किया। कार्यक्रम में ड्रीम ल्यूमीना के विक्की जैन, ज्योतिषाचार्य अनिल पुरोहित और रसायन विज्ञान के शिक्षक डॉ. शांतनु मिश्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
*हर स्टॉल पर पहुंचे महापौर, घरेलू उद्यमियों से किया संवाद*
महापौर अनिल कल्ला ने मेले की प्रत्येक स्टॉल का अवलोकन किया और घर से व्यवसाय संचालित करने वाले उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों एवं कार्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और ग्राहकों को एक छत के नीचे लाने के लिए लोकराग फाउंडेशन एवं रोटरी रॉयल्स की पहल को सराहनीय बताया। मेले के माध्यम से छोटे व्यवसायों और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने तथा सीधे ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
*प्रत्यक्ष खरीदारी में विश्वास और आत्मीयता का जुड़ाव*
समाजसेवी मुरली पंवार ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी की तुलना में दुकान अथवा स्टॉल पर पहुंचकर की जाने वाली प्रत्यक्ष खरीदारी विक्रेता और ग्राहक के बीच मजबूत संबंध बनाती है। ग्राहक उत्पाद को देखकर, समझकर और विक्रेता से बातचीत करके खरीदारी करता है। यह संवाद आपसी विश्वास बढ़ाने के साथ स्थानीय व्यापार को भी संबल देता है। उन्होंने स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजनों की उपयोगिता बताई।
*व्यापारियों और ग्राहकों के बीच सेतु बनी आयोजन टीम*
लोकराग फाउंडेशन के अध्यक्ष आनंद आचार्य, सचिव विनय थानवी, कोषाध्यक्ष योगेश खत्री और निदेशक नरेश मारू आयोजन की मुख्य कड़ी के रूप में स्थानीय व्यापारियों तथा ग्राहकों के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं। रोटरी रॉयल्स की टीम के साथ मिलकर उनका प्रयास है कि स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान मिले और छोटे उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने के अवसर उपलब्ध हों।
*प्रायोजकों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भागीदारी*
मेले के मुख्य प्रायोजक श्रीनाथ सॉल्यूशंस के मुरली पंवार तथा विशेष सहयोगी ड्रीम ल्यूमीना के विक्की जैन हैं। सहयोगी प्रतिष्ठानों में करणी कृपा गुरु कृपा हार्डवेयर, एसआईपी वाला, डॉ. एल.सी. बैद चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, बीकानेर फ्रेश–विनोद एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और गोयमो बेकरी ब्रांड शामिल हैं।
आयोजन को सुनील चमड़िया, डॉ. एल.सी. बैद, डॉ. श्याम अग्रवाल, जॉनी साधवानी, जगदीश सेवग, डॉ. शांतनु मिश्रा, राजेश पारिक, दिनेश बदलानी, श्रीराम चौधरी, विनोद बाफना तथा रोटरी रॉयल्स का सहयोग मिल रहा है। तकनीकी एवं अन्य व्यवस्थाओं में भोज एडवरटाइजिंग कंपनी, टेलीकॉपियर, मैक्सटेल बीकानेर और डी.जे. तोमर सहयोग कर रहे हैं।
*खरीदारी के साथ मनोरंजन का भी अवसर*
मेले में 50 से अधिक स्टॉल के माध्यम से खरीदारी के विविध विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत, नृत्य और मनोरंजन की गतिविधियां भी आयोजन का आकर्षण रहेंगी। मेला प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहेगा। आयोजकों ने शहरवासियों से सपरिवार पहुंचकर स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।













