बीकानेर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाइयां: अफीम और अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, 54 लाख रुपए की शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। जिले में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बीकानेर पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अफीम और दूसरे आरोपी को अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में वाहन भी जब्त किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 675 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब और 78 ग्राम अफीम बरामद की गई है।
पांचू पुलिस ने 78 ग्राम अफीम के साथ युवक को पकड़ा
पुलिस थाना पांचू की टीम ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय युवक सुंदरलाल पुत्र नंदलाल जाट निवासी पांचू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 78 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अफीम को अपने वाहन थार रॉक्स की डीजल टंकी के ढक्कन के नीचे छिपा रखा था। पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान अफीम बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही थार रॉक्स गाड़ी को भी जब्त किया गया है।
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच और पूछताछ की जा रही है।
महाजन पुलिस ने 675 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी
दूसरी बड़ी कार्रवाई पुलिस थाना महाजन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-62 पर की गई। यहां पुलिस टीम ने चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब से भरे 675 कार्टन जब्त किए हैं। शराब का परिवहन एक कैंटर वाहन में किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार शराब चंडीगढ़ से जोधपुर की तरफ ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कैंटर चालक 22 वर्षीय दुर्गाराम पुत्र नेहरूराम जीन निवासी कापराऊ, थाना चौहटन, जिला बाड़मेर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त कैंटर वाहन को जब्त कर लिया है। जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपए बताई गई है। मामले की जांच पुलिस थाना महाजन के थानाधिकारी कर रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी से शराब की खरीद-फरोख्त, परिवहन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
दोनों कार्रवाइयां महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस एवं जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गईं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा के निर्देशन में पांचू और महाजन पुलिस की टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पांचू की कार्रवाई में थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद सहित पुलिस टीम शामिल रही, जबकि महाजन की कार्रवाई में थानाधिकारी नजनलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों को जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।














