
जयपुर जामडोली लूटकांड के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और घायल महिला सीमा को सम्मानित करने की उठाई मांग, कार्रवाई नहीं होने पर धरने की चेतावनी
बीकानेर। जयपुर के जामडोली क्षेत्र में ज्वेलर्स पर हुए जानलेवा हमले और लूट के प्रयास की घटना के बाद बीकानेर के स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स में भी चिंता का माहौल है। इसी को लेकर सोमवार, 2 नवंबर को नव जागृति युवा मंच संस्था की ओर से पुलिस अधीक्षक बीकानेर को ज्ञापन सौंपकर ज्वेलर्स की सुरक्षा मजबूत करने तथा शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि जयपुर के जामडोली क्षेत्र में बुधवार रात एसआर ज्वेलर्स के संचालक दो भाइयों पर पांच हथियारबंद बदमाशों ने सरियों से हमला कर लूट का प्रयास किया। इस दौरान सीमा नामक महिला ने गोली लगने के बावजूद अदम्य साहस दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया। घायल महिला का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी होने का उल्लेख करते हुए मंच ने उनके साहस की सराहना की और राज्य सरकार से उन्हें सम्मानित करने की मांग की।
मंच पदाधिकारियों ने कहा कि ज्वेलर्स के साथ लूट और हमले की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। बीकानेर में भी अधिकांश ज्वेलर्स रात करीब 8 बजे के बाद दुकानें बंद कर नकदी और कीमती जेवरात लेकर घर लौटते हैं। ऐसे में उनके साथ किसी अप्रिय वारदात की आशंका बनी रहती है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि जयपुर जामडोली लूटकांड के फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। इसके साथ ही बीकानेर के कोटगेट, सिटी कोतवाली और सट्टा बाजार सहित प्रमुख ज्वेलरी मार्केट में रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि व्यापारी सुरक्षित माहौल में अपना कारोबार कर सकें।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नव जागृति युवा मंच के जिला संयोजक गोवर्धन मौसुण, रवि कुकरा, धर्मचंद मांडण सहित मंच के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंच ने चेतावनी दी कि यदि ज्वेलर्स की सुरक्षा को लेकर शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो संस्था अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को बाध्य होगी।













