








अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ियों सहित समाजसेवियों और पत्रकारों का भव्य सम्मान समारोह
SMS दिव्यांग सेवा संस्थान की अनूठी पहल, खिलाड़ियों को सम्मानित कर बढ़ाया हौसला; गुंजन को भेंट की गई खेल उपयोगी व्हीलचेयर
बीकानेर। SMS दिव्यांग सेवा संस्थान की ओर से अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले पैरा खिलाड़ियों, समाजसेवियों एवं पत्रकारों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम रिद्धि-सिद्धि गार्डन में श्रीगणेश मंदिर के समक्ष गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
संस्थान की अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया एवं उपाध्यक्ष लक्ष्मण रामावत के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में रिद्धि-सिद्धि परिवार के स्वागतकर्ता के.सी. डागा, उम्मेद कुमार जैन, संतोष देवी शर्मा एवं भावना खत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में विभिन्न स्तरों पर पैरा स्पोर्ट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों दुर्गा गहलोत, रविन्द्र कूकना, गुंजन, पदम सिंह सहित संस्थान के अनेक दिव्यांग खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नीरज गुप्ता रहीं। इसके साथ ही समाजसेवी रामलाल प्रजापत, वयोवृद्ध गणेश महाराज, करणी मंदिर के पूर्व अध्यक्ष कैलाशदान, सवाई सिंह, अध्यापक जयपाल मारू, राजबाला यादव एवं खत्री समाज की अध्यक्ष राधा खत्री सहित अनेक गणमान्य अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
बीकानेर के सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकार दिलीप गुप्ता, प्रकाश सामसुखा एवं के. कुमार आहूजा तथा उद्योगपति पंकज कंसल का भी शॉल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।
गुंजन को भेंट की खेल उपयोगी व्हीलचेयर
समारोह का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब श्री अग्रसेन वेलफेयर सोसायटी के प्रवीण मित्तल एवं गगन अग्रवाल ने पैरा खिलाड़ी गुंजन को खेल गतिविधियों में उपयोगी आरामदायक व्हीलचेयर भेंट की। इस सहयोग से गुंजन का उत्साहवर्धन हुआ और उसकी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
संस्थान को मिला 51 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग
संस्थान के सहसचिव रोशन लाल बोरड़ एवं श्रीमती शुमंगला बोरड़, फरीदाबाद की ओर से संस्थान को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस सहयोग से संस्थान की गतिविधियों एवं दिव्यांग बच्चों के खेल प्रशिक्षण को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया ने दिव्यांग बच्चों को आश्वस्त किया कि वे पूरे मनोयोग से खेल एवं अभ्यास पर ध्यान दें। संस्थान उनके उज्ज्वल भविष्य और खेल प्रतिभा को निखारने के लिए सदैव प्रयासरत रहेगा।
उपाध्यक्ष लक्ष्मण रामावत ने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आर्थिक सहयोग की कभी कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने दिव्यांग खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का मंच संचालन संस्थान के सहसचिव ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया।













