
*10 करोड़ ज्यादा लेकर ब्लैक लिस्टेड कंपनी उठा रही है शहर की गंदगी, टिपर की टक्कर से हुई मौत पर आचार्य परिवार बोला – यह हादसा नहीं, हत्या है*
बीकानेर। आमतौर पर सरकारी विभागों में निविदा में सबसे कम राशि भरने वाली कंपनी को ठेका दिया जाता है, लेकिन बीकानेर नगर निगम में उल्टा हो रहा है। यहां न्यूनतम निविदा से 10 करोड़ रुपये ज्यादा मांगने वाली ब्लैक लिस्टेड कंपनी को शहर के कचरा संग्रहण का ठेका दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद झालावाड़ ने 19 अक्टूबर 2023 को एक आदेश जारी कर कोटा की इस कंपनी को तीन वर्ष के लिए निलंबित किया था। इसके बावजूद बीकानेर में इसी कंपनी को कचरा संग्रहण का काम सौंप दिया गया। खास बात यह है कि इसी कंपनी ने कोटा में कम रेट पर काम किया था, लेकिन बीकानेर में ज्यादा राशि पर ठेका ले लिया।
आरोप है कि निविदा प्रक्रिया में तथ्यों को छिपाने वाली इस कंपनी के वाहन शहर में बिना नंबर प्लेट, बिना दस्तावेज के दौड़ रहे हैं। इसके बाद भी निगम अधिकारियों ने न तो जांच की, न ही कंपनी को कोई नोटिस दिया। निगम ने कंपनी के साथ हुए एमओयू को भी जनप्रतिनिधियों से साझा नहीं किया है।
*टिपर की टक्कर से केशव दत्त आचार्य की मौत*
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर 2026 को केशव दत्त आचार्य स्कूटर से जा रहे थे, तभी नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने से उपचार के दौरान 9 नवंबर को उनकी मृत्यु हो गई।
आचार्य परिवार ने कहा कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। क्योंकि पकड़े गए चालक ने बयान दिया है कि वह तो कचरा संग्रहणकर्ता है, लेकिन उसे टिपर पकड़ा दिया गया।
*परिजनों ने उठाए सवाल, आंदोलन का ऐलान*
मृतक के भतीजे डॉ. शरद दत्त आचार्य ने पत्रकार वार्ता में कचरा संग्रहण व्यवस्था, ठेका प्रणाली और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चालक के लाइसेंस, नियुक्ति, पुलिस सत्यापन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी किसकी थी? वाहन की फिटनेस, बीमा, जीपीएस व्यवस्था और नियमित निरीक्षण कौन कर रहा था?
परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी संदेह जताया। कहा कि घटना का सीसीटीवी क्यों नहीं दिया जा रहा है? कंपनी के मैनेजर की धारा 151 में गिरफ्तारी महज दिखावा थी। इतने दिन बाद भी चालान पेश नहीं हुआ।
परिवार ने चेताया कि अगर जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाते हैं तो आगामी चुनाव में उनसे सवाल पूछा जाएगा। यह सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे शहर का मुद्दा है।
एसीबी में शिकायत
परिवार ने बताया कि संभावित अनियमितताओं की जांच के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक से फोन पर संपर्क किया गया है और बीकानेर एसीबी में शिकायत दी गई है। नगर निगम आयुक्त से सत्यापित रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने की मांग की गई है।
परिवार की प्रमुख मांग है कि दुर्घटना की निष्पक्ष जांच सक्षम एजेंसी से करवाई जाए, वाहन चालक और ठेका एजेंसी की जिम्मेदारी तय हो, दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं और शहरभर में कचरा संग्रहण वाहनों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए।
परिजनों ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जवाबदेही, पारदर्शिता और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही के लिए है।











