बीकानेर। शहर में चोरी की वारदात का मामला सामने आया है। ऑटो में सफर कर रही एक महिला के पर्स से करीब सात लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण चोरी हो गए। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकीम बोथरा मोहल्ला निवासी नीतू बोथरा (52) पत्नी विशरचंद बोथरा 23 नवंबर को दोपहर करीब 1:15 बजे से 3:30 बजे के बीच घर से बाजार जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला भी उसी ऑटो में बैठ गई। आरोप है कि सफर के दौरान अज्ञात महिला ने नीतू बोथरा के पर्स से चार सोने की अंगूठियां और दो सोने की चेन चोरी कर लीं। चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपए बताई गई है।
घटना के संबंध में 26 नवंबर 2026 को रात 7:28 बजे पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल संदीप कुमार (4003) कर रहे हैं।
पुलिस अब ऑटो में साथ बैठी अज्ञात महिला की पहचान और चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।










