Bikaner Live

उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस


बीकानेर, 18 जुलाई। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने सोमवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह पूर्ण उत्साह और उमंग के साथ डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में मनाया जाएगा। इससे पूर्व संभागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर आवास तथा कार्यालय, नगर विकास न्यास सहित सभी कार्यालयों में ध्वजारोहण होगा। मुख्य समारोह के दौरान देशभक्ति और सांस्कृतिक एकता से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग द्वारा उल्लेखनीय कार्य करने वाले कार्मिकों के प्रस्ताव पुरस्कार के लिए भिजवाए जाएं।
जिला कलक्टर ने परेड, मार्च पास्ट के निरीक्षण, राज्यपाल के संदेश पठन, व्यायाम एवं योग प्रदर्शन, पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, एट होम एवं स्काउट गाइड रैली सहित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों के बारे में जाना। साथ ही सुरक्षा, बैठक, पेयजल, प्रवेश-निकासी, आमंत्रण पत्र, माइक सहित अन्य व्यवस्थाएं समय पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इस दौरान देशभक्ति गीतों के प्रसारण, सार्वजनिक स्थानों पर लाइटिंग, साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गई।
प्रत्येक कार्यालय और कार्मिक के घर फहराएं तिरंगा
जिला कलक्टर ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक विभाग के समस्त कार्मिकों के घरों पर तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायतों, स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केन्द्रों, कार्यालयों, राशन डीपो सहित घर-घर तक तिरंगा लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विभिन्न संस्थाओं को इसके लिए प्रेरित किया जाए। इस दौरान जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के., अतिरिक्त कलक्टर (नगर) पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, उपखण्ड अधिकारी अशोक कुमार बिश्नोई, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. राजकुमार शर्मा, साक्षरता के अतिरिक्त परियोजना समन्वयक राजेन्द्र जोशी, अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी जुगल माथुर आदि मौजूद रहे। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता ने हेल्थी लीवर अभियान के बारे में बताया।

Author picture

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!