Bikaner Live

ऊंट उत्सव की तैयारियां प्रारम्भ करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने ली बैठक, हैरिटेज रूट का लिया मुआयना..
soni


बीकानेर, 10 अक्टूबर। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव की तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके मद्देनजर सोमवार को उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक ली और रामपुरिया हवेलियों के आसपास के हैरिटेज रूट का मुआयना भी किया।
जिला कलक्टर ने कहा कि अगले वर्ष 14 और 15 जनवरी को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव और इससे पूर्व होने वाले बीकानेर काॅर्निवल को वृहद् स्तर पर आयोजित करने की तैयारियां प्रारम्भ कर दी जाएं। ऊंट उत्सव के दौरान बीकानेर की कला, संस्कृति, परम्पराओं, रहन-सहन, खान-पान और तीज-त्यौहारों से देशी और विदेशी पर्यटकों को रूबरू करवाया जाए। इसी प्रकार परम्परागत तरीके से आयोजित होने वाली शोभा यात्रा और विभिन्न प्रतियोगिताओं को भी आकर्षक तरीके से आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि बीकानेर काॅर्निवल का आयोजन भव्य तरीके से हो। इसमें प्रत्येक शहरवासी की भागीदारी के प्रयास किए जाएं। ऊंट उत्सव के दौरान नापासर के चिन्हित क्षेत्र में अग्नि नृत्य और म्यूजिकल नाइट आदि करवाने के निर्देश भी दिए। इसी प्रकार मसाला चौक में पारम्परिक खाद्य सामग्री की स्टाॅल्स लगवाने और लाइव फोक म्यूजिक काॅर्नर की शुरूआत भी शीघ्र करने के निर्देश दिए।जिला कलक्टर ने कहा कि अभिलेखागार की गतिविधियों से भी देशी-विदेशी ‘पावणों’ को रूबरू करवाया जाए। उन्होंने इसी महीने के अंत से लेकर ऊंट उत्सव तक विभिन्न गतिविधियां सतत रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को ऊंट उत्सव से जोड़ा जा सके। इस दौरान उन्होंने रामपुरिया हवेलियां क्षेत्र का भ्रमण करते हुए हैरिटेज वाॅक के संभावित रूट का जायजा लिया तथा ऊंट उत्सव से पूर्व यहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर विकास न्यास सचिव यशपाल आहूजा, टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद व्यास, पर्यटन विकास समिति के सदस्य गोपाल बिस्सा, साजिद सुलेमानी, सहायक पर्यटन अधिकारी पवन शर्मा आदि मौजूद रहे।

Author picture

खबर

Related Post

error: Content is protected !!