जिला कलक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
बीकानेर, 19 जुलाई। जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि मानसून के मद्देनजर नगर निगम, नगर विकास न्यास एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग की सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। तीनों विभाग अपने संसाधनों का आकलन कर लें, जिससे आवश्यकता पड़ने की स्थिति में इनका अविलम्ब उपयोग किया जा सके। शहरी क्षेत्र में खुले मैन हॉल और चैम्बर दुरूस्त करने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। निगम और न्यास क्षेत्र की स्ट्रीट लाइटें चालू रहें। इनकी नियमित मॉनिटरिंग हो। निगम द्वारा आवारा पशुओं को पकड़ने, पॉलीथीन जब्ती और अतिक्रमण हटाने के अभियान भी सतत रूप से चलाए जाएं।
उन्होंने कहा कि पोस्टर, बैनर और हॉर्डिंग आदि लगाकर शहर का सौंदर्यकरण बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्यवाही हो। बैठक के दौरान शहरी क्षेत्र में सिटी बस संचालन की संभावनाओं पर भी मंथन किया गया। जिला कलक्टर ने इससे संबंधित प्रस्ताव तैयार करने के लिए नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया। उन्होंने गंगाशहर क्षेत्र में सीवरेज कनेक्शन कार्य में गति लाने के निर्देश दिए तथा कहा कि यह कार्य मिशन मोड पर करें। इसके लिए टीमों की संख्या बढ़ाई जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि बजट घोषणाओं की समयबद्ध क्रियान्विति प्रत्येक विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता हो तथा संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय, राइट टू सीए सहित विभिन्न आयोगों से प्राप्त प्रकरणों का अविलम्ब निस्तारण किया जाए। प्रत्येक कार्यालय के प्रभारी इसकी मॉनिटरिंग करें। उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा किए जाने वाले कृषि कनेक्शन कार्य की प्रगति जानी तथा विद्युत के ढीले तारों को कसवाने, जीएसएस निर्माण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से करवाने सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।
मेहता ने कहा कि मनरेगा के तहत नए कार्यों की स्वीकृतियां जारी कर दी गई हैं, इसके मद्देनजर श्रमिकों की संख्या भी बढ़ाई जाए। साथ ही रेड सील के प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, नगर विकास न्यास सचिव नरेंद्र सिंह पुरोहित, नगर निगम आयुक्त ए.एच.गौरी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
मनरेगा के तहत 670 कार्यों के लिए 8529.51 लाख की नई वित्तीय स्वीकृतियां जारी
बीकानेर, 19 जुलाई। महात्मा गांधी नरेगा के जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला कलक्टर नमित मेहता द्वारा जिले की 9 पंचायत समितियों में कुल 8529.51 लाख रुपये के 670 कार्यों की नई स्वीकृतियां जारी की गई हैं। इनमें पंचायत समिति पूगल में 1393.82 लाख रुपये के 108, लूणकरणसर में 1239.33 लाख रुपये के 69 ,पाँचू में 637.40 लाख रुपये के 48, बीकानेर में 906.68 लाख रुपए के 96 ,कोलायत में 928.20 लाख रुपए के 73, डूंगरगढ़ में 991.26 लाख रुपए के 72, नोखा में 639.21 लाख रुपए के 68, खाजूवाला में 1340.34 लाख रुपए के 103 तथा बज्जू के 133.52 लाख रुपए के 27 कार्यों की स्वीकृतियां सम्मिलित हैं। इसी क्रम में वृक्षारोपण अभियान के तहत पौधारोपण अभियान के 121.75 लाख रुपए के 12 कार्य ,नर्सरी विकास के 15.76 लाख रुपए के 4 कार्य, आंगनबाड़ी केंद्र/विद्यालय में न्यूट्री गार्डन विकास के तहत 40 कार्यों के लिए 2.08 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गई।
महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत जिले में वित्तीय वर्ष 2021-22 में अब तक पंचायत समिति बीकानेर में 135, श्रीडूंगरगढ़ में 91, कोलायत में 93, लूणकरणसर में 185, नोखा में 87, खाजूवाला में 201, पांचू में 95, पूगल में 310 एवं बज्जू खालसा में 179 सहित 4 जलग्रहण विभाग व उपवन सरंक्षक विभाग के 8 कार्य सहित कुल 1402 कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं। अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रोजगार एवं ग्रामीण क्षेत्र के विकास की आवश्यकताओं के मद्देनजर विकास अधिकरियों के माध्यम से और कार्यों के प्रस्ताव मंगवाये जा रहे हैं, जिससे जरूरत के अनुसार अधिकाधिक स्वीकृतियां जारी की जा सकें।स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित
बीकानेर, 19 जुलाई। स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व तैयारियों के संबंध में सोमवार को जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राजकीय डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में परंपरागत एवं गरिमामयी तरीके से आयोजित किया जाएगा। आयोजन से जुड़े अधिकारी समय रहते सभी तैयारियां सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 प्रोटोकोल का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर थर्मल स्कैनिंग और हैंड सेनेटाइजर की पर्याप्त व्यवस्था हो, कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के नहीं आए तथा आवश्यक सोशल डिस्टेंसिंग रखी जाए। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के सभी कार्यालय में प्रातः 7:30 से 8:30 बजे के बीच ध्वजारोहण होगा। इसके बाद प्रातः 9:00 बजे डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में मुख्य समारोह होगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा झंडारोहण किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने समारोह स्थल पर बैठक, पेयजल, टेन्ट, साउंड सिस्टम, निमंत्रण पत्र, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, परैड एवं मेडिकल टीम सहित सभी तैयारियों की पूर्व समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) द्वारा किया जाएगा। नगर विकास न्यास और नगर निगम द्वारा 14 और 15 अगस्त को राजकीय भवनों, मुख्य चौराहों पर सजावट और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, नगर निगम आयुक्त ए एच गौरी, नगर विकास न्यास सचिव नरेंद्र सिंह पुरोहित, सहायक निदेशक (लोक सेवाएं) सवीना बिश्नोई, जिला रसद अधिकारी यशवंत भाकर सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

बीकानेर, 19 जुलाई। जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी की बैठक आयोजित हुई।
मेहता ने बताया कि जिले में कुल 2 हजार 580 ई-मित्र केन्द्र हैं, इनमें 863 शहरी क्षेत्र में तथा शेष ग्रामीण क्षेत्र में हैं। उन्होंने बताया कि जिले में एक हजार से अधिक आबादी के 455 राजस्व गांवों में ई मित्र केन्द्र स्थापित कर दिए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे 10 ई-मित्र केंद्र, जो ट्राजेंक्शन नहीं होने की वजह से नॉन फक्शनल हो गए हैं, उन्हें भी त्वरित रूप से चालू किया जाए।
मेहता ने बताया कि जिले में ई-मित्र प्लस की कुल 419 मशीनें कार्यरत हैं। ई-मित्र प्लस के माध्यम से 70 से अधिक सरकारी सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है तथा इसके अधिक से अधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्वान, राजनेट तथा भारत ब्रॉडबेन्ड नेटवर्क लिमिटेड से सबंधित प्रोजेक्ट वर्क्स की भी जानकारी दी।
मेहता ने जिले के अभय कमाण्ड कंट्रोल सेन्टर, जन कल्याण पोर्टल, आधार सबंधित कार्य, वीडियो वॉल, तथा आईपी फोन की स्थिति की भी समीक्षा की।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के संयुक्त निदेशक सत्येंद्र सिंह में बताया कि राजस्वान के तहत 104 कनेक्शन रनिंग है। राजनेट में 232 कनेक्शन रनिंग मोड में हैं।
शहरी क्षेत्र में कुल 536 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। जिनमें 490 कैमरों की लाइव फंक्शनिंग है तथा शेष 46 ऑफलाइन मोड पर कार्यरत है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा कुल 191 केन्द्रों पर आधार रजिस्ट्रेशन व आधार में सूचना परिवर्तन का कार्य किया जा रहा है। इनके अतिरिक्त जिले के 9 स्थानों पर वीडियों वॉल प्रोजेक्ट लगाए गए है। जिले में कुल 446 आईपी फोन भी आवंटित किए गए हैं।
बैठक में अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
















