*31 अक्टूबर गुरूवार 2024-25*
*नई दिल्ली:* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल दिवाली और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने गुरुवार(31 अक्टूबर) को गुजरात के केवड़िया में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल हुए। सुबह 7:15 बजे पीएम मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सामने सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने देश के 16 राज्यों की पुलिस और सशस्त्र बलों की एकता दिवस परेड की सलामी ली।अपने भाषण में पीएम मोदी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि हमें एकता के गीतों को हमेशा याद रखना चाहिए, जो हमें बचपन से सिखाए गए हैं।
*एक हैं तो सेफ हैं” का नारा और आलोचना:*
प्रधानमंत्री मोदी ने “एक हैं तो सेफ हैं” के नारे पर भी चर्चा की और बताया कि कुछ लोग इसे गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे लोग देश की एकता को कमजोर करना चाहते हैं। इन लोगों का मकसद देश में अस्थिरता पैदा करना है। हमें इनसे सावधान रहना चाहिए और राष्ट्रीय अखंडता के महत्व को समझना चाहिए।
*अर्बन नक्सलवाद और गलत जानकारी के खिलाफ चेतावनी:*
प्रधानमंत्री ने अर्बन नक्सलवाद और भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर भी कड़ी चेतावनी दी। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग भारत को कमजोर करने के प्रयास में हैं। अर्बन नक्सलवाद के जरिए आदिवासी समुदायों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। पीएम मोदी ने नागरिकों को जागरूक रहने की सलाह दी ताकि ऐसी प्रवृत्तियों को रोका जा सके।
*वन नेशन, वन इलेक्शन” की दिशा में भारत:*
पीएम मोदी ने अपने भाषण में “वन नेशन, वन इलेक्शन” की परिकल्पना पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि यह विचार भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करेगा। इसके अलावा उन्होंने वन नेशन, वन टैक्स और वन नेशन, वन ग्रिड जैसी नीतियों का भी उल्लेख किया, जो देश के समावेशी विकास में सहायक हैं।
*जम्मू-कश्मीर और नक्सलवाद के मुद्दे पर सरकार सफल:*
प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता ने अलगाव के विचार को खारिज कर दिया है। नॉर्थईस्ट में लंबे समय से चल रहे विवादों का भी समाधान किया गया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद भी अब अपने आखिरी चरण में है और इससे प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। सरकार की नीतियों से देश में सुरक्षा का माहौल मजबूत हो रहा है।
*स्टैच्यू ऑफ यूनिटी राष्ट्रीय एकता का प्रतीक:*
प्रधानमंत्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने कहा कि यह प्रतिमा सरदार पटेल के महान योगदान को सम्मान देती है। यह पूरे देश को जोड़ने के उनके संकल्प को दर्शाती है। हमें इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए और भारत को एकता के साथ नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहिए।
*पीएम मोदी ने दिलाई एकता की शपथ:*
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर एकता दिवस की शपथ दिलाई। पीएम मोदी ने संकल्प लिया कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। प्रधानमंत्री ने सरदार पटेल की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए लोगों को देश की एकता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। पीएम मोदी ने कहा कि यह शपथ सरदार पटेल के योगदान के प्रति आभार जताने का एक छोटा प्रयास है। मेरी इस पहल से देशवासियों के बीच एकता का भाव प्रबल होगा
*पुलिस बलों की टुकड़िया हुईं परेड में शामिल:*
एकता दिवस परेड में विभिन्न राज्यों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टुकड़ियां शामिल हुईं। इसमें 9 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की पुलिस, 4 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, एनसीसी और एक मार्चिंग बैंड ने भाग लिया।
*सेना के बाइकर्स ने किया डैयरडेविल शो:*
परेड में NSG का हेल मार्च, BSF और CRPF के महिला-पुरुष बाइकरों का डैयरडेविल शो और भारतीय मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया गया। स्कूली बच्चों ने पाइप बैंड शो किया।
*वायुसेना ने किया ‘सूर्य किरण’ फ्लाईपास्ट:*
इस कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना के ‘सूर्य किरण’ फ्लाईपास्ट ने आसमान में अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। वायुसेना के विमानों ने आसामानी करतब दिखाए। वायुसेना के फाइटर जेट्स ने आसामान में गोते खाते हुए राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने का मैसेज दिया। इस फ्लाइपास्ट में इंडियन एयरफोर्स और नेवी के फाइटर जेट्स शामिल हुए।
*केवड़िया में 280 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन:*
पीएम मोदी ने इस मौके पर एकता नगर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने लगभग 280 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण किया। ये योजनाएं पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय के लिए लाभकारी साबित होंगी। एकता नगर में दी जा रही इन सुविधाओं से क्षेत्र की छवि और सशक्त होगी। इन परियोजनाओं में पर्यटकों के लिए नई सुविधाएं और आकर्षण शामिल हैं, जो स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाएंगे।
*दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है स्टैच्यू ऑफ यूनिटी:*
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा के रूप में जाना जाता है। सरदार पटेल की इस प्रतिमा की ऊंचाई 182 मीटर है। इसका निर्माण 2013 में शुरू हुआ और 2018 में पूरा हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने बतौर मुख्यमंत्री इसका ऐलान किया था। इस प्रतिमा का निर्माण सरदार पटेल की 143वीं जयंती के मौके पर किया गया था। इसे बनाने में पूरे देश के किसानों ने अपना योगदान दिया, जिससे इसमें 109 टन लोहा शामिल किया गया है।
*पीएम मोदी ने किया युवा अधिकारियों को संबोधित:*
पीएम मोदी ने बुधवार को युवा अधिकारियों को संबोधित करते हुए जनता की भागीदारी (जन भागीदारी) पर भी जोर दिया। उन्होंने नागरिकों की ‘इज ऑफ लिविंग’ में सुधार करने की अपील की। इस समारोह में भारतीय सिविल सेवाओं के 653 अधिकारी शामिल हुए, जिन्हें ‘विकसित भारत के रोडमैप’ पर चर्चा करने का अवसर मिला।
*हरियाली ऊर्जा की दिशा में उठाया गया नया कदम:*
प्रधानमंत्री मोदी ने केवड़िया में बुधवार को एक चार मेगावाट का सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट भी लॉन्च किया है, जिसकी लागत 23.26 करोड़ रुपए है। यह प्रोजेक्ट केवड़िया को हरित ऊर्जा की दिशा में ले जाने के लिए शुरू किया गया है। इस परियोजना के साथ, केवड़िया न केवल पर्यटन में बल्कि हरित और स्थायी विकास के लिए भी एक मॉडल बनेगा।
*पर्यटकों के लिए सुविधाओं का शुभारंभ:*
प्रधानमंत्री मोदी ने एक नए पाथवे और एक सड़क का भी उद्घाटन किया, जो खाड़ी से व्यू पॉइंट तक जातरी है। इसके अलावा, 24 कलाकृतियों को सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित किया गया है, जो ‘पानी, प्रकृति और एकता’ थीम पर आधारित हैं। यह परियोजनाएं पर्यटकों के लिए केवड़िया को एक और अधिक आकर्षक बनाने के मकसदसे पूरी की गई है।
🔷🔶🔜FIRST INDIA NEWS