Bikaner Live

पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का निधन, एक माह से चल रहा था उपचार

पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का निधन, एक माह से चल रहा था उपचार
उदयपुर। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का निधन हो गया है। अहमदाबाद के निजी अस्पताल में गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। पूर्व केन्द्रीय मंत्री व्यास एक महीने पहले गणगौर के कार्यक्रम के दौरान साड़ी आग में झुलस गई थी। इस हादसे में उनके शरीर का 90 फीसदी हिस्सा झुलस गया था। जबकि सिर में भी चोट लगी थी। हादसे के बाद परिजन उन्हें अहमदाबाद के अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां उनका इलाज किया जा रहा था।
गिरिजा व्यास का राजनीतिक करियर लंबा और प्रभावशाली रहा। वे मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय मंत्री थीं और उदयपुर से सांसद रह चुकी थीं। इसके अलावा व्यास कांग्रेस की राजस्थान इकाई की प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुकी थी। उनकी राजनीतिक यात्रा में महिला अधिकारों और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को विशेष रूप से याद किया जाता है। वे कई विकास परियोजनाओं में अहम भूमिका निभाने के लिए जानी जाती थीं, और उनके काम ने राजस्थान की राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य को आकार देने में मदद की।
जानिए गिरिजा व्यास का राजनीतिक सफर
गिरिजा व्यास ने 1977 में कांग्रेस की उदयपुर इकाई की अध्यक्ष के रूप में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। 1985 में वे उदयपुर से राजस्थान विधानसभा की सदस्य चुनी गईं और 1990 तक विभिन्न मंत्रालयों, जैसे पर्यटन, शिक्षा, और वित्त, में मंत्री के रूप में कार्य किया। वर्ष 1991 में वे पहली बार लोकसभा की सदस्य चुनी गईं और पी.वी. नरसिम्हा राव सरकार में सूचना और प्रसारण मंत्रालय की उपमंत्री बनीं।
1993 से वे भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। 2005 से 2011 तक वे राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं, जहां उन्होंने महिला अधिकारों के लिए काम किया। 2013-14 में व्यास मनमोहन सिंह सरकार में आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय की मंत्री रहीं। इसके अलावा, वे कांग्रेस के मीडिया विभाग की अध्यक्ष और भारत-ईयू सिविल सोसायटी की सदस्य भी थीं। गिरिजा व्यास राजस्थान कांग्रेस की अध्यक्ष और कांग्रेस के मुखपत्र “कांग्रेस संदेश” की संपादक भी रहीं, जो उनके राजनीतिक और संगठनात्मक कौशल को दर्शाता है।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!