

इन्द्रा को मिला प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से पोषण का उपहार
बीकानेर, 17 सितंबर। सेवा पखवाड़ा के तहत नोखा के रोड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान प्रार्थी इन्द्रा को दूसरा बच्चा कन्या होने पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजनान्तर्गत लाभान्वित किया गया।
शिविर प्रभारी ने बताया कि इन्द्रा के दूसरे बच्चे के रूप में बालिका के जन्म पर 6 हजार रुपए की राशि एक किश्त में दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं के पोषण में सुधार करना, मजदूरी के नुकसान की भरपाई एवं संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना है।
रोड़ा निवासी इन्द्रा ने बताया कि उनके पति मजदूरी का कार्य करते हैं। एक व्यक्ति की मजदूरी की राशि से परिवार को पोषण देना संभव नहीं है।
इसी दौरान इन्द्रा को आंगनबाडी कार्यकर्ता ने भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी। जिसमें महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए प्रथम प्रसव पर महिला को 5 हजार रुपए एवं द्वितीय संतान कन्या होने पर महिला को 6 हजार रुपए प्रदान किए जाते हैं।
इन्द्रा ने शिविर में जाकर योजनान्तर्गत पंजीकरण करवाया। शिविर में पंजीयन के पश्चात 6 हजार की राशि स्वीकृति के लिए भेजा गया। इन्द्रा ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ सरकार की एक अनूठी पहल है। जिससे वे स्वयं का स्वास्थ्य व पोषण प्राप्त कर सकेगी।












