
फर्नीचर मार्केट में 15 दिन से रास्ता बंद, पानी रिसाव और बदबू से हालात बिगड़े
BDA और नगर निगम की लापरवाही पर भी उठ रहे है सवाल
बीकानेर, 5 दिसम्बर । पुरानी गिन्नी, जूनागढ़ किले के पास फर्नीचर मार्केट में सड़क निर्माण और सीवरेज लाइन का काम पिछले कई दिनों से अधूरा पड़ा है। क्षेत्र में 22 नवंबर को सड़क बनाने का काम शुरू हुआ था, जिसे 30 नवंबर तक पूरा होना था। सीवरेज लाइन और पानी की लाइन की गड़बड़ी के कारण ना तो सड़क तैयार हुई और ना ही सीवरेज चालू हो सका। कारोबारियों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
व्यवसायी रमेश अग्रवाल ने बताया कि सीवरेज कंपनी ने सिविल पाइप लाइन डालकर अपना काम पूरा घोषित कर दिया, लेकिन पानी की सप्लाई लाइन में पहले से लीकेज था। हालात तब और बिगड़ गए, जब सड़क निर्माण के दौरान जेसीबी से पानी की पाइपलाइन टूट गई। अब सड़क निर्माण करने वाली एजेंसी और सीवरेज लाइन बिछाने वाली एजेंसी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पल्ला झाड़ रही हैं। सड़क निर्माण पक्ष कह रहा है कि पानी की लाइन ठीक करवाई जाए, तभी सड़क बनेगी। दूसरी ओर सीवरेज लाइन वाले दावा कर रहे हैं कि उनका काम पूरा हो चुका है, अब आगे वे जिम्मेदार नहीं हैं।
इस खींचतान का सीधा असर मोहल्ले के लोगों और मुख्य सड़क पर स्थित दुकानदारों पर पड़ा है। आवागमन 15 दिनों से बंद है। दुकानें खाली पड़ी हैं और कारोबार ठप हो चुका है। पिछले पांच दिनों से जगह-जगह ठहरा पानी बदबू फैला रहा है और मच्छरों का प्रकोप तेज हो गया है, जिससे बीमारियों का डर बढ़ रहा है। कई घरों में सीपेज की समस्या शुरू हो गई है, पानी अंडरग्राउंड हिस्सों में रिसने लगा है और पार्किंग व्यवस्था भी बिगड़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायतें दर्ज करवाईं और अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन भी दिया, लेकिन जमीन पर कोई काम नजर नहीं आ रहा। नागरिकों का मानना है कि इस हालात के लिए ठेकेदार कंपनियों के साथ-साथ बीकानेर डेवलपमेंट अथॉरिटी और नगर निगम बीकानेर भी समान रूप से जिम्मेदार हैं, क्योंकि निगरानी और समन्वय के अभाव से काम अधूरा पड़ा है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तुरंत हस्तक्षेप करें, टूटी लाइनें ठीक करवाएं और सड़क निर्माण का काम बिना देरी पूरा करवाएं, ताकि सामान्य जीवन और व्यापार फिर से पटरी पर लौट सके।















