
सुमन छाजेड़ बोले – “जनसेवा और सादगी उनके जीवन की पहचान थी”
बीकानेर। बीकानेर संभाग कार्यालय में भाजपा बीकानेर शहर द्वारा बीकानेर लोकसभा के पूर्व सांसद एवं प्रख्यात अभिनेता स्वर्गीय धर्मेंद्र देओल की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके संसदीय कार्यकाल, जनसेवा के प्रति समर्पण एवं उनके सरल, मिलनसार व्यक्तित्व को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय धर्मेंद्र देओल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि
“स्वर्गीय धर्मेंद्र देओल जी केवल एक सफल अभिनेता और सांसद ही नहीं थे, बल्कि वे सादगी, संवेदनशीलता और आमजन से सीधे जुड़ाव के प्रतीक थे। उनके व्यवहार में कोई बनावट नहीं थी, वे हर व्यक्ति से आत्मीयता से मिलते थे। उनके कार्य और व्यक्तित्व सदैव हम सभी को प्रेरणा देते रहेंगे।”
मीडिया संयोजक कमल गहलोत ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, मुमताज अली भाटी, स्वर्गीय धर्मेंद्र देओल के निजी सचिव रहे कमल व्यास एवं जिला महामंत्री राजेंद्र पंवार ने संयुक्त रूप से अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मेंद्र देओल का जीवन संघर्ष, सादगी और जनसेवा का अद्भुत उदाहरण था।















