Bikaner Live

अमृता हाट मेले का बड़ी संख्या में आमजन ने किया अवलोकन



बीकानेर, 9 दिसंबर। जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में संभाग स्तरीय अमृता हाट मेले मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान केंद्रीय कारागृह के ‘आशाएं-द जेल बैण्ड’ ने देश भक्ति और संस्कृति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुतियां दी।

महिला अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक डाॅ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि दूसरे दिन भी आमजन ने इसका अवलोकन किया। इसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल रही। बैंड की सुमधुर स्वरलहरियों पर आमजन थिरकते दिखे। इस दौरान महिलाओं और बैंकिंग साक्षरता और केरी केचर का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

*लाख की चूड़ियां, ब्लॉक पेंटिंग रहे विशेष आकर्षण*
अमृता हाट मेले के दौरान महिलाओं द्वारा बनाई गई लाख की चूड़ियां, बाड़मेर का अजरख प्रिंट और ब्लांक पेंटिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंगलवार को स्टॉल्स की संख्या 100 से अधिक हो गई। यह स्टॉल्स, प्रदेश के लगभग सभी जिलों की महिलाओं द्वारा लगाई गई हैं। इस बार मेले का आयोजन राजस्थानी थीम पर किया जा रहा है।
महिलाओं को उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय का मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित हो रहे मेले के दौरान सप्ताह भर विभिन्न गतिविधियां होंगी। इनमें अमृता शेफ, अमृता फैशन शो आदि गतिविधियां प्रमुख हैं।

*ऐसे अवसरों का लाभ उठाएं महिलाएं*
इस दौरान केंद्रीय जेल अधीक्षक श्री अभिषेक शर्मा ने कहा कि महिलाएं अपनी प्रतिभा का उपयोग करते हुए आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनें। उन्हें ऐसे अवसरों का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। समाज कल्याण अधिकारी श्री नंदकिशोर राजपुरोहित ने कहा कि अमृता हाट जैसे आयोजन ऐसी महिलाओं के लिए बेहद लाभदायक है, जो हाथ का हुनर जानती हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं।
श्रीमती शंकुतला ने भी विचार व्यक्त किए। बुधवार को प्रातः 11 से रात्रि 9 बजे तक मेला खुला रहेगा।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!