बीकानेर, साधुमार्गी जैन संघ के शाशन दीपक रमेश मुनि का सेठिया धार्मिक कोटड़ी में गुरुवार चैविहार संथारा पूर्वक देवलोक गमन हो गया। आचार्य श्री नानालालजी से दीक्षित प्रतापगढ़़ मूल के रमेश मुनि 71 वर्ष के थे। उनके पार्थिव देह की अंत्येष्टि गुरुवार को ही गोगागेट सर्किल के पास स्थित ओसवाल समाज मोक्षधाम में कर दी गई।
समता युवा संघ के नवीन कोठारी ने बताया कि आचार्य रामलालजी व उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि के सान्निध्य में गुरुवार को दोपहर 12.51 पर चैविहार संथारे प्रत्यख्यान करवाए गए। उसके बाद दोपहर 1.07 बजे वे अरिहंत शरण हो गए। उनकी डोल यात्रा विभिन्न जैन बहुल्य मोहल्लों से होते हुए मोक्षधाम पहुंची। मोक्षधाम में गंगाशहर, भीनासर व बीकानेर के श्रावक-श्राविकाओं व उनके सांसारिक परिजनों ने श्रद्धांजलि दी।
कोठारी ने बताया कि रमेश मुनि का सांसारिक नाम रमेश चन्द्र बाफना था। उनका जन्म अरनोद, प्रतापगढ़ में 25 जनवरी 1954 में हुआ था। उन्होंने आचार्यश्री नानालालजी महाराज से ब्यावर में 31 अक्टूबर 1971 में दीक्षा ग्रहण की।
















