
जनगणना-2027 : प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन ने की स्व-गणना
प्रत्येक नागरिक समयबद्ध और सटीकता से भरें आकड़े: जिला कलक्टर
बीकानेर, 5 मई। प्रमुख जनगणना अधिकारी और जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन ने जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत मंगलवार को आनॅलाइन माध्यम से स्व-गणना की।
जिला कलक्टर ने एस.ई. डॉट सेंसस डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना की। इस दौरान पूछे सभी प्रश्नों का सही-सही जवाब देकर इन्हें सबमिट किया। जिला कलक्टर ने आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक राष्ट्रीय महत्त्व के इस कार्य में अपनी भागीदारी निभाएं तथा भारत सरकार द्वारा राजस्थान के लिए निर्धारित पहले चरण के तहत 15 मई तक शत-प्रतिशत स्व-गणना कर अपनी भूमिका का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि उनके विभाग का कोई भी कार्मिक इससे वंचित नहीं रहे।
जिला कलक्टर ने कहा कि जनगणना, हमारे भविष्य का आधार स्तम्भ है। इसके आंकड़ों के अनुसार देश की नीतियां, योजनाओं और कार्यक्रम निर्धारित होते हैं। इसके मद्देनजर उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक समस्त आवश्यक सूचनाएं सही-सही भरें। यह पूर्णतया गोपनीय रहेंगी। उन्होंने कहा कि स्वगणना के दौरान प्राप्त एसई-आई अपने पास रखें तथा 16 मई से 14 जून के दौरान मकान सूचीकरण और मकानों की गुणना के दौरान आने वाले प्रगणकों को यह आईडी उपलब्ध करवाएं। यह आईडी उनके कार्य में सहयोगी रहेगी और सरकार को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध हो पाएगी।
जिला कलक्टर के साथ ही अतिरिक्त कलक्टर (नगर) श्री रमेश देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वगणना की। इस दौरान सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक श्री धर्मपाल खींचड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














