बाइपास से डेढ़ किलोमीटर आगे लगाया सेवा शिविर, केसर चाय-पकौड़ी से लेकर चिकित्सा और पेयजल तक की विशेष व्यवस्था
बीकानेर। प्रसिद्ध पूनरासर हनुमानजी मेले में बाबा के दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं की सेवा में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं जुटी हुई हैं। इसी क्रम में घोटा मंडल की ओर से बीकानेर बाइपास से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे विशेष सेवा शिविर लगाया गया है। मंडल पिछले 15 वर्षों से लगातार पूनरासर जाने वाले पदयात्रियों की सेवा कर रहा है।
शिविर में यात्रियों के लिए केसर चाय, गरमा-गरम पकौड़ी, कोफ्ता, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई है। लंबी पैदल यात्रा के दौरान थकान अथवा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर श्रद्धालुओं को शिविर में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
मंडल के सदस्य पूरे उत्साह और सेवाभाव के साथ दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं। सेवा शिविर से गुजरने वाले यात्रियों का स्वागत कर उन्हें जलपान करवाया जा रहा है। इससे पदयात्रियों को यात्रा के दौरान काफी राहत मिल रही है।
इस सेवा कार्य में पंकज, ऋत्विक, गिरिराज, मयंक, पॉलसन, रिश्मी, कानू, किशोर अग्रवाल परिवार ,रवि सोनी,सहित मंडल के अन्य सदस्य सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। सदस्यों ने बताया कि बाबा पूनरासर के प्रति आस्था और श्रद्धालुओं की सेवा की भावना से यह शिविर प्रतिवर्ष लगाया जाता है।
पूनरासर मेले के चलते जयपुर रोड पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही बनी हुई है। जगह-जगह लगे सेवा शिविरों और बाबा के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आ रहा है। घोटा मंडल के सदस्यों ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और इसी भावना के साथ उनका सेवा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















