


पार्श्वनाथ बगीची में भगवान आदिनाथ की पंच कल्याणक पूजा व सामूहिक क्षमापना
बीकानेर, 16 सितम्बर। श्री पार्श्वचन्द्रसूरि गच्छ जैन संघ के आसानियों के चौक के रामपुरियों के बड़े उपासरे में साध्वी पदम प्रभा व वयोवृद्ध साध्वी सुव्रता श्रीजी के सान्निध्य गुरुवार गंगाशहर मार्ग पर स्थित आदिनाथ भवन परिसर के भगवान आदिनाथ व शांतिनाथ के जिनालय में भक्ति संगीत के साथ पंच कल्याणक पूजा की गई।।
श्री पार्श्वचन्द्र सूरिगच्छ जैन संघ के अध्यक्ष रवीन्द्र रामपुरिया ने बताया कि पूजा के दौरान श्री पार्श्वचन्द्र महिला मंडल, वीरेन्द्र बांठिया आदि ने तीर्थकर परमात्मा के पांच महत्वपूर्ण कल्याणकों यथा गर्भ, जन्म, दीक्षा, केवल ज्ञान और मोक्ष के स्मरण और आराधन, वंदन प्रसंगानुसार भजन गाकर किया। भगवान आदिनाथ व शांतिनाथ मंदिर परिसर में दादा गुरु पार्श्वचन्द्र सूरी व भैरव की प्रतिमाओं के आकर्षक श्रृंगार पूजा की गई। संघ के मंत्री प्रताप रामपुरिया ने बताया कि पूजा के बाद श्रावक-श्राविकाओं ने एक दूसरे से मिलकर जाने अन्जाने में हुई गलती व भूलों के लिए क्षमा याचना की। श्री पार्श्वचन्द्र गच्छ संघ की ओर से आसानियों के चौक के भगवान महावीर स्वामी के जिनालय में पर्युषण पर्व के दौरान प्रतिदिन विशेष अंगी रचना करने वाले युवा श्रावकों का अभिनंदन किया गया।















