
शहर और देहात कांग्रेस अध्यक्ष के साथ नगर निगम पहुंचे डागा; बोले—आलाकमान ने मुझे संतुष्ट किया, कांग्रेस में ही रहूंगा
बीकानेर। बीकानेर नगर निगम के महापौर चुनाव से पहले कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान फिलहाल समाप्त होती नजर आ रही है। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले कांग्रेस पार्षद नवरतन डागा ने शुक्रवार को अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही महापौर पद के लिए अब कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा।
डागा अपना नामांकन वापस लेने के लिए कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के साथ नगर निगम पहुंचे। नामांकन वापसी के बाद उन्होंने कहा कि उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं था। पार्टी आलाकमान ने उनकी बात सुनी और उन्हें संतुष्ट किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आजीवन कांग्रेस के साथ रहेंगे।
इससे पहले कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में दाखिल नवरतन डागा का नामांकन गुरुवार को खारिज हो गया था। हालांकि, निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उनका नामांकन वैध था। इससे महापौर चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना बन गई थी। डागा की नाम वापसी के बाद कांग्रेस को बड़ी राहत मिली है।
बताया जा रहा है कि नामांकन वापस लेने से पहले डागा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि उनकी नाराजगी से जुड़े विषयों पर पार्टी नेतृत्व से बातचीत के बाद सहमति बनी।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने कहा कि पार्टी को पूरा विश्वास था कि नवरतन डागा अपना नामांकन वापस ले लेंगे। वहीं, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने दावा किया कि कांग्रेस करीब 50 सदस्यों के समर्थन के साथ नगर निगम में अपना बोर्ड बनाने जा रही है।
महापौर पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा। नगर निगम की 80 सीटों में कांग्रेस के पास 42 और भाजपा के पास 27 पार्षद हैं। कांग्रेस ने अनिल कल्ला को महापौर प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा की ओर से डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत मैदान में हैं। अब दोनों प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा।















