

बीकानेर। पावन अधिक मास के अवसर पर रूपकमल कुंज, मुरलीधर रोड पर आयोजित श्रीमद्भागवत रसामृत कथा में तीसरे दिन भक्ति और ज्ञान का संगम देखने को मिला। कथा का आयोजन संयोजक पंडित प्रेमरत्न पुरोहित और पीयूष पुरोहित के सान्निध्य में किया जा रहा है।
तृतीय दिवस पर लक्ष्मीनाथ पीठाधीश्वर पंडित गोविन्द जी व्यास ने भगवान कपिल मुनि द्वारा माता देवहूति को दिए गए सांख्य दर्शन के उपदेश का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने आत्मा-परमात्मा के स्वरूप और सृष्टि के रहस्य को सरल शब्दों में समझाते हुए श्रद्धालुओं को अध्यात्म से जोड़ा। साथ ही सती आख्यान का मार्मिक प्रसंग सुनाकर भक्तगण भावविभोर हो उठे।
कथा से पूर्व आयोजनकर्ता पुष्पा देवी व्यास एवं परिवार द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
आयोजकों का कहना है कि अधिक मास में भागवत कथा श्रवण से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। कथा प्रतिदिन निर्धारित समय पर जारी रहेगी।














