Bikaner Live

सीनियर सिटिजन मनोरंजन केंद्र में “मेंटल हेल्थ में मेडिटेशन की भूमिका” विषय पर विशेष सेशन 20 मई को

बीकानेर, 17 मई।
आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, बढ़ते मानसिक तनाव, मोबाइल और सोशल मीडिया पर अत्यधिक निर्भरता तथा पारिवारिक एवं सामाजिक रिश्तों में बढ़ती दूरियों के कारण मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे दौर में मानसिक संतुलन बनाए रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए मेडिटेशन एवं संवाद की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महसूस की जा रही है। इसी उद्देश्य को लेकर सीनियर सिटिजन मनोरंजन केंद्र, एसबीआई जेएनवी के सामने, बीकानेर में 20 मई 2026 को सायं 6:00 बजे एक विशेष मार्गदर्शन एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया जाएगा।
इस विशेष कार्यक्रम में बीकानेर की प्रसिद्ध क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट एवं थेरेपिस्ट डॉ. अंजु ठकराल “मेंटल हेल्थ में मेडिटेशन की भूमिका” विषय पर विस्तृत सेशन देंगी। डॉ. ठकराल लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहारिक समस्याओं, तनाव प्रबंधन, पारिवारिक सामंजस्य तथा जीवन प्रबंधन से जुड़े विषयों पर कार्य कर रही हैं और समाज के विभिन्न वर्गों को परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं। उनके अनुभवों एवं व्यावहारिक सुझावों से प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में अधिकांश परिवार किसी न किसी प्रकार की एडजस्टमेंट संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में बढ़ता तनाव, अकेलापन, भावनात्मक असंतुलन और डिजिटल माध्यमों की लत समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। मोबाइल और सोशल मीडिया ने जहां लोगों को तकनीकी रूप से जोड़ा है, वहीं आपसी संवाद में कमी और रिश्तों में भावनात्मक दूरी भी बढ़ाई है। ऐसे में मेडिटेशन, मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और आत्मनियंत्रण पर आधारित यह विशेष सेशन समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
आयोजकों के अनुसार डॉ. अंजु ठकराल द्वारा भविष्य में भी प्रतिमाह एक-दो विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में बच्चों, युवाओं, अभिभावकों एवं परिवारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। विशेष रूप से एडजस्टमेंट संबंधी समस्याएं, वैवाहिक जीवन में मधुरता, पेरेंटिंग चैलेंजेस, तनाव प्रबंधन, किशोरों की मानसिक स्थिति, पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने तथा सकारात्मक जीवनशैली जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा।
इस अवसर पर अविनाश गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि सीनियर सिटिजन मनोरंजन केंद्र में 18 मई से 20 जून तक बच्चों के लिए सुबह 10:00 से 12:00 तक संस्कारशाला का संचालन भी प्रारंभ किया जा रहा है। इस संस्कारशाला में बच्चों को खेल-खेल में मनोरंजन के साथ संस्कार, नैतिक शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि कोई भी अभिभावक अपने बच्चों को निशुल्क संस्कारशाला में भेज सकता है। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति प्रतिदिन शाम 6 बजे से 8 बजे तक केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लाभान्वित हों। कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक व्यक्तियों से पूर्व रजिस्ट्रेशन करवाने का आग्रह किया गया है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!