Bikaner Live

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने हेतु सामाजिक संगठनों की बैठक आयोजित

योग संगम पोर्टल एवं टोल फ्री नंबर पर अधिकाधिक पंजीयन का आह्वान
टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर अधिकाधिक पंजीयन करवाने की अपील

बीकानेर, 12 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को उप निदेशक आयुर्वेद विभाग कार्यालय में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 21 जून को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय योग दिवस समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक ने की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने में सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

डॉ. पारीक ने सभी संगठनों से योग दिवस को जनआंदोलन के रूप में मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जिलेभर से बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक संगठन इस आयोजन में भाग लेंगे। उन्होंने सभी संस्थाओं से अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने का आग्रह किया।

बैठक में आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ. रिडमल सिंह राठौड़ ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत योग संगम पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीयन करवाया जा रहा है। साथ ही 14 जून को आयोजित होने वाले विशेष योग कार्यक्रम एवं गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास के लिए टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर अधिकाधिक पंजीयन करवाने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि जिले के सभी सामाजिक संगठन, शिक्षण संस्थान एवं आमजन इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

बैठक में उपस्थित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने योग दिवस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार, प्रतिभागियों की सहभागिता बढ़ाने तथा आयोजन की व्यवस्थाओं में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान योग जागरूकता गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त निदेशक आयुर्वेद विभाग संभाग बीकानेर के सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र सिंह भाटी, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष शेषमा, पतंजलि योग समिति के भवानी शंकर सांखला, पतंजलि योग संस्थान के जयचंद उपाध्याय एवं ऋषिका व्यास, अखिल विश्व गायत्री परिवार के देवेंद्र सारस्वत, ब्रह्माकुमारी के सुशील कुमार शर्मा, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के दिनेश आचार्य, महर्षि पतंजलि योग संस्थान के दीपक शर्मा एवं मोहित राजपुरोहित, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के योग विभाग के डॉ. हितेंद्र मारू, क्रीड़ा भारती महानगर के भुवनेश पुरोहित, वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा के शुभम स्वामी तथा विद्या भारती के नवल किशोर सैनी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!