Bikaner Live

पूनरासर में आयोजित हुआ ग्रामीण सेवा शिविर, संभागीय आयुक्त ने किया निरीक्षण

मौके पर मिली राहत, ग्रामीणों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

बीकानेर, 12 जून। ग्राम पंचायत पूनरासर में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित हुआ।

संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीणा ने इसका निरीक्षण किया। इस दौरान प्रार्थी भंवरनाथ ने संभागीय आयुक्त को बताया कि
भंवरनाथ, श्रीरामनाथ, देवनाथ, सांवतनाथ, दुर्गनाथ, भैधनाथ और पदमनाथ के नाम पैतृक जमीन का एक ही संयुक्त खाता होने तथा सभी का संयुक्त मालिकाना हक होने के कारण उन्हें कई तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और यह मानसिक बोझ बन चुका था।

इस पर संभागीय आयुक्त ने शिविर प्रभारी और उपखंड अधिकारी श्री शुभम शर्मा तथा तहसीलदार श्री श्रीवर्धन शर्मा को उक्त राजस्व प्रकरण के त्वरित सकारात्मक निस्तारण के निर्देश दिए, इस पर सभी संयुक्त खातेदारों को बुलाकर आपसी समझाइश व खाता विभाजन की सहमति ली गई और खाता विभाजन की कार्यवाही त्वरित मौके पर ही पूर्ण की गई। सिर्फ कुछ घंटों में ही, वो काम जो वर्षों से अटका था, आज कैंप में पूरा हो गया।

इस पर श्री भंवरनाथ सहित समस्त खाता धारकों ने ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ शिविर के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया।

*30 वर्ष पुराना भूमि विवाद सुलझा, किसान को मिली राहत*

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत बज्जू खालसा में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा उन्हें एक ही स्थान पर उपलब्ध सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान श्यामपुरा (सीकर) निवासी पूर्व सैनिक श्री प्रकाश पुत्र भीवाराम ने बताया कि उसे लगभग 30 वर्षों से भूमि खातेदारी से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। खातेदारी को लेकर वारिसों के बीच सहमति नहीं बनने के कारण मामला लंबे समय से लंबित था। ग्रामीण सेवा शिविर में उपखंड अधिकारी एवं शिविर प्रभारी श्री सांवरलाल रैगर, तहसीलदार श्री मदन सिंह यादव तथा तहसीलदार श्री नितिन पुरोहित द्वारा समझाइश और समन्वय के प्रयास किए गए। इसके परिणामस्वरूप सभी पक्षों की सहमति बनी और 6.2 हेक्टेयर भूमि की खातेदारी प्रदान कर दी गई। वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान पर लाभार्थी ने राज्य सरकार और जन-कल्याण शिविर के प्रति आभार व्यक्त किया।

*पीएम सूर्यघर योजना से बिजली बिल हुआ शून्य*

बज्जू निवासी जुगल किशोर पुत्र भागीरथ शर्मा ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर कनेक्शन के लिए उपरांत ग्रामीण सेवा शिविर में योजना का लाभ मिलने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। इतना ही नहीं, अब वे अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर उसे विद्युत विभाग को बेचकर आय भी अर्जित कर रहे हैं। स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप इंसेंटिव योजना के तहत इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हा भी वितरित किया गया। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा बचत को भी बढ़ावा मिला है। इस योजना का शीघ्र लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा कहा कि राज्य सरकार को समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन करना चाहिए।

*जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित*

*स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी ऋण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए : श्री रतनू*

बीकानेर, 12 जून। जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की मार्च तिमाही की बैठक अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) श्री उम्मेद सिंह रतनू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ श्री गोविंद सिंह, नाबार्ड के डीडीएम श्री अरविंद चाहर, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री नवीन साहू, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक श्री चतुर्भुज खंडेल एवं श्री राधेश्याम जोशी सहित जिले में कार्यरत सभी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी और जिला स्तरीय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अग्रणी जिला बैंक के मुख्य प्रबंधक श्री लक्ष्मण राम मोडासिया ने जिले में बैंकों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 27,268.60 करोड़ रुपए तथा कुल ऋण 29,630.16 करोड रुपए रहा। जिले का साख-जमा अनुपात 108.66 प्रतिशत दर्ज किया गया।

इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, डॉ भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी, राजस्थान स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, पीएम अजय योजना, जन सुरक्षा अभियान तथा ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की गतिविधियों सहित सरकार प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की प्रगति समीक्षा की गई।

श्री रतनू ने निर्देश दिए की पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध करवाया जाए। स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी ऋण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बैंक और विभागों के मध्य बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए तथा कहा कि इससे जिले में आर्थिक गतिविधियों को और अधिक गति मिल सकती है। उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए।

*बराला में आयोजित हुआ ग्रामीण सेवा शिविर, ग्रामीणों के अनेक कार्य हुए हाथोंहाथ*

बीकानेर, 12 जून। ग्राम‌ पंचायत बराला में जन कल्याण शिविर के अन्तर्गत ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन शुक्रवार को किया गया।

शिविर प्रभारी तथा उपखंड अधिकारी श्रीमती दिव्या बिश्नोई  एवं तहसीलदार श्री अशोक पारीक द्वारा आमजन की विभिन्न समस्याओं का निस्तारण किया गया। शिविर में कुल 22 विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे। इनमें राजस्व, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज आयोजना विभाग, जनस्वास्थ्य अभियानिकी महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, सांख्यिकी विभाग, पशुपालन, चिकित्सा, आर्युवेद, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, रसद विभाग के प्रतिनिधि शामिल रहे।

ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज ‌विभाग द्वारा स्वच्छ भारत मिशन अन्तर्गत 50 व्यक्तिगत शौचालयों और 2  सामुदायिक शौचालय आवेदनों की स्वीकृति जारी की गई और नियम 157 के अन्तर्गत निशुल्क पट्टे जारी किए गए। शिविर में 4 जन्म प्रमाण पत्र, 2 मृत्यु प्रमाण पत्र, 1 विवाह प्रमाण पत्र जारी किए गए।

विद्युत विभाग से सम्बन्धित वोल्टेज की समस्या एवं बिजली कटौती से जुड़ी समस्या के सम्बन्ध में उपखण्ड अधिकारी द्वारा सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता को तीन दिवस में कार्यवाही के निर्देश दिए। अवैध पेयजल कनेक्शन हटाने एवं आपूर्ति सुचारु करने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग द्वारा क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित की गई। वृद्ध पेंशन अंतर्गत 3 प्रकरणों का सत्यापन किया गया। सात आवासों की ऑनलाइन जियोटेग की गई। समाधान शिविर में विकास अधिकारी श्री गोपाराम, सहायक विकास अधिकारी श्री हरीराम और श्री विजय सिंह प्रजापत मौजूद रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!