बीकानेर, 12 जून। स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार शुक्रवार को नगर निगम मुख्य कार्यालय में शहरी सेवा शिविर 2026 का शुभारंभ किया गया।
शिविर का निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी द्वारा की गई। शिविर प्रभारी उपायुक्त श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई भी इस दौरान उपस्थित रहीं। उन्होंने हेल्प डेस्क पर प्राप्त जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीकानेर पश्चिम विधायक महोदय श्री जेठानंद व्यास ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों के दौरान हो रहे कार्यों की समीक्षा की और कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुसार यह प्रयास करें कि शिविरों का अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले। उन्होंने शिविर के दौरान प्राप्त होने वाले प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान आमजन को विभिन्न नागरिक सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में 167 जन्म एवं मृत्यु पंजीयन आवेदन, 14 विवाह पंजीयन आवेदन तथा 47 ईडब्ल्यूएस (EWS) आवेदनों का निस्तारण कर पात्र नागरिकों को प्रमाण-पत्र जारी किए गए।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 7 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
शिविर में नागरिकों को भूमि पट्टों, फायर एनओसी, यूडी टैक्स, भवन निर्माण स्वीकृति सहित विभिन्न नगर निगम सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया गया।













