बीकानेर, 13 जून। बीकानेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाने, मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई।
जामसर में बदमाश का अवैध अतिक्रमण हटाया
पुलिस थाना जामसर क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर अजय उर्फ बाबा पुत्र मोहनराम निवासी जामसर द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। आरोपी ने दीवार, टीनशेड और अन्य निर्माण कर आम रास्ते पर कब्जा कर रखा था तथा राहगीरों को धमकाने की शिकायतें भी सामने आई थीं। ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक मार्ग को पुनः सुचारु किया। आरोपी के विरुद्ध विभिन्न थानों में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, मादक पदार्थ तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।
नोखा पुलिस ने 1 किलो 245 ग्राम गांजा किया बरामद
पुलिस थाना नोखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 1 किलो 245 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। आरोपी रूदल मंडल पुत्र इन्द्रदेव मंडल, मूल निवासी भागलपुर (बिहार), को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
देशनोक हत्याकांड में 5000 रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस थाना देशनोक ने बहुचर्चित अपहरण एवं हत्या प्रकरण में फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी आरोपी गोपालराम पुत्र बगाराम जाट निवासी चिताणा को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी नवंबर 2025 में हुए अशोक कुमार अपहरण एवं हत्या मामले में वांछित था और वारदात के बाद लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह मुंबई, पुणे, गुरुग्राम, अहमदाबाद और गांधीनगर सहित विभिन्न शहरों में मजदूरी कर ठिकाने बदलता रहा। पुलिस टीम ने लगातार पीछा कर आखिरकार उसे दस्तयाब कर लिया। आरोपी से मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
बीकानेर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।
– बीकानेर लाइव













