(विवेक मित्तल), बीकानेर, 13 जून, 2026। अगर विकास का कार्य समय पर पूर्ण न हो तो वही विकास धीरे-धीरे समस्या बनने लगता है और अव्यवस्था और असुविधा का कारण बनता है। विगत छः वर्षों से किसी-न-किसी कारण से पटेल नगर-वल्लभ गॉर्डन की मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित होता रहा है जिसके कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में इस मुख्य मार्ग पर डामरीकरण न होने के कारण वाहन चालकों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पटेल नगर रोड़ पर रहने वाले प्रदीप महर्षि, नरेन्द्र शर्मा, बाबू खां, सीताराम, हरिकिसन, रेवतराम, कुलदीप आदि का कहना है कि व्यास कॉलोनी, पटेल नगर, वल्लभ गॉर्डन, सुदर्शना नगर, बजरंगपुरी, गांधी कॉलोनी को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर विकास का कार्य अत्यन्त ही मन्द गति से चल रहा है। रोड़ी कंकड़ बिछाये हुए 5-6 माह बीत गये हैं लेकिन डामर आज तक नहीं बिछा है जिसके कारण वाहन चलते हैं तो पत्थर उछलते हैं। राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को इनसे चोट लगने का खतरा हमेशा बना रहता है। इस मार्ग की स्ट्रीट लाइट भी लम्बे समय से खराब पड़ी है जिसके कारण रात्रि के समय आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क पर सीवरेज चैम्बर का खुला हुआ ढक्कन भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। समय रहते प्रशासन को इस गम्भीर समस्या का समाधान शीघ्र करना चाहिये।













