Bikaner Live

बीकानेर पुलिस ने नष्ट किए 3.21 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थ

130 प्रकरणों में जब्त माल का किया सुरक्षित निस्तारण

बीकानेर, 27 जून। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया। ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 130 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 21 लाख 36 हजार 275 रुपये आंकी गई।

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में यह कार्रवाई संपन्न हुई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़, पुलिस निरीक्षक (अपराध सहायक) सुभाष बिजारणिया सहित अपराध शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कमेटी ने जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का विधिसम्मत निस्तारण कराया।


पुलिस द्वारा नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 2013 किलोग्राम डोडा पोस्त, 10.767 किलोग्राम गांजा, 302.73 ग्राम एम.डी., 343.54 ग्राम स्मैक, 54.83 ग्राम एमडीएमए तथा 59 नशीली गोलियां शामिल हैं। इन सभी मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3.21 करोड़ रुपये बताई गई है।

बीकानेर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जब्त मादक पदार्थों का समय-समय पर विधिसम्मत निस्तारण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इन्हें दोबारा किसी भी प्रकार से दुरुपयोग में नहीं लाया जा सके। यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

बीकानेर पुलिस ने अपने संदेश “नशे के विरुद्ध निर्णायक प्रहार – सुरक्षित समाज की ओर” को दोहराते हुए आमजन से भी अपील की है कि वे नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना की तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!