Bikaner Live

बीकानेर पुलिस का अपराधियों पर बड़ा प्रहार जिलेभर में चली ताबड़तोड़ कार्रवाई

हत्या, दुष्कर्म, मादक पदार्थ तस्करी, अवैध शराब, चोरी और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ एक्शन

बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” एवं “एरिया डॉमिनेशन अभियान” के तहत मंगलवार को अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा किया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने हत्या के मामले में फरार आरोपी, दुष्कर्म के आरोपी, हिस्ट्रीशीटर, मादक पदार्थ तस्करों, अवैध शराब कारोबारियों और चोरी के आरोपी सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध शराब तथा चोरी का सामान भी बरामद किया गया।

खाजूवाला थाना पुलिस ने सात माह से फरार आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में आरोपी कानाराम को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 13 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी कृष्णलाल को भी गिरफ्तार कर विस्तृत अनुसंधान शुरू किया गया है।

मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई करते हुए 8.26 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ सोहिल पठान उर्फ भोमा को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

जसरासर थाना पुलिस ने एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर रतीराम उर्फ रतिया को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध मारपीट, लूट, जेल ब्रेक, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

खाजूवाला थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की देशी और अंग्रेजी शराब के सैकड़ों पव्वे, बोतलें तथा बीयर के कैन बरामद किए। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।

नापासर थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत 6.69 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया तथा एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशे की बिक्री से प्राप्त 9 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

मानव तस्करी विरोधी एवं गुमशुदा व्यक्ति प्रकोष्ठ ने “ऑपरेशन उमंग-7” के तहत कार्रवाई करते हुए दो बाल श्रमिकों को मुक्त करवाया। दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया, जबकि संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया है।

जामसर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 5 किलो 30 ग्राम डोडा पोस्त के साथ आरोपी राजूराम को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त एवं सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

वहीं गजनेर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई 14 किलोग्राम डीसी केबल बरामद कर ली।

बीकानेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों, अवैध शराब कारोबारियों तथा समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर आमजन में सुरक्षा की भावना और अपराधियों में कानून का भय कायम करना है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!