बीकानेर। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स ने रोटरी वर्ष 2026-27 की शुरुआत सेवा के साथ फेलोशिप को नई ऊंचाई देने के संकल्प के साथ की। सहायक प्रांतपाल रोटे. आनंद आचार्य की प्रेरणा और अध्यक्ष रोटे. विपिन लड्ढा के नेतृत्व में सत्र के पहले ही दिन ‘रॉयल्स लाइफ म्यूजिकल क्लब’ के गठन की घोषणा की गई।
क्लब का उद्देश्य हर माह की अंतिम बैठक को सदस्यों के जन्मदिन, आपसी मेलजोल और गीत-संगीत के जरिए यादगार बनाना है।
संगीत से सराबोर रही पहली संध्या
म्यूजिकल क्लब की पहली शाम में प्रसिद्ध गायक रोटे. राजेश पारीक ने ‘आने वाला पल जाने वाला है’ प्रस्तुत किया। डॉ. पुनीत खत्री और डॉ. प्रवीण चतुर्वेदी ने ‘यम्मा यम्मा’ पर सदस्यों को झुमाया। डॉ. शिशिर शर्मा, रोटे. राजेश धूड़िया, डॉ. मनोज संवाल, रोटे. सचिन शर्मा, डॉ. संदीप खरे और डॉ. अरुण पुरोहित ने भी गायन से समां बांधा।
चार्टर अध्यक्ष डॉ. मनोज कुड़ी ने इसे फेलोशिप को मजबूत करने वाला अभिनव प्रयास बताया। सचिव रोटे. जगदीप सिंह ओबेरॉय ने कहा कि युवा जोश और वरिष्ठ अनुभव का संगम रॉयल्स की पहचान है।
पूर्व सहप्रांतपाल रोटे. राजेश बावेजा ने बताया कि क्लब के लिए संगीत-तकनीकी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। भविष्य में इनका उपयोग युवा संगीत प्रशिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी होगा।
जल्द बनेगा स्पोर्ट्स क्लब
अध्यक्ष रोटे. विपिन लड्ढा ने घोषणा की कि युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जल्द ‘रॉयल्स स्पोर्ट्स क्लब’ भी बनाया जाएगा। इसके जरिए महीने में एक बार पूरा रॉयल्स परिवार खेल गतिविधियों में भाग लेगा।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्षों ने गत वर्ष के अध्यक्ष रोटे. सुनील चमड़िया को उपलब्धियों के लिए सम्मान पत्र भेंट किया। समापन राष्ट्रगान और भोज के साथ हुआ।
क्लब का संदेश है – सेवा के साथ संस्कृति, संगीत और खेल के माध्यम से सदस्यों में आत्मीयता और सामाजिक सरोकार मजबूत किए जाएंगे।



















