
बीकानेर। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल महानगर मीडिया प्रमुख धनराज मारू के अनुसार सेवा पखवाड़ा के तहत विश्व हिंदू परिषद के युवा संगठन बजरंग दल द्वारा चलाए जा रहे सेवा सप्ताह के अंतर्गत बीकानेर महानगर के शिव प्रखंड एवं मारकंडे प्रखंड द्वारा अलग-अलग स्थानों पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में कुल 220 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का लाभ प्राप्त किया। शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने भी स्वास्थ्य जांच करवाई। क्षेत्रवासियों ने बजरंग दल की इस सेवा पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
शिव प्रखंड द्वारा अंबेडकर बस्ती स्थित माताजी मंदिर परिसर में आयोजित चिकित्सा शिविर में 110 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में डॉ. उर्मिला जयपाल, डॉ. शिवानी कोहरी एवं डॉ. चंचल शर्मा ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का संदेश भी दिया। शिविर के सफल संचालन में चिकित्सा टीम के साथ राम सेवा मंडल एवं उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा।
शिव प्रखंड के शिविर में विश्व हिंदू परिषद के महानगर सह मंत्री आनंद गुप्ता, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख हरिकिशन व्यास, बजरंग दल महानगर संयोजक बजरंग तंवर, करण सोलंकी, मनोज मेघवाल, योगेश लोहिया सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली और शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसी प्रकार मारकंडे प्रखंड द्वारा प्रताप बस्ती स्थित रामदेव जी मंदिर परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 110 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में डॉ. सुनील खत्री, डॉ. शुभम गोयल, नेत्र सहायक तपस्या गहलोत एवं उनकी टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विनोद सेन ने कहा कि सेवा कार्य ही संगठन की वास्तविक पहचान है। बजरंग दल केवल सामाजिक जागरण का ही नहीं, बल्कि सेवा के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, चिकित्सा टीम एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
मारकंडे प्रखंड के शिविर में विश्व हिंदू परिषद के महानगर मंत्री राजेंद्र सोनी, महानगर सह मंत्री आनंद गुप्ता, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख हरिकिशन व्यास तथा बजरंग दल जिला संयोजक बजरंग तंवर सहित संगठन के अनेक दायित्ववान कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सा दल का सम्मान करते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बजरंग दल अपने ध्येय “सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार” को साकार करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के लिए निरंतर जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। सेवा सप्ताह के अंतर्गत बीकानेर महानगर के सभी प्रखंडों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता एवं अन्य सेवा कार्यों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। संगठन ने समाज के सभी वर्गों से ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान भी किया।














