Bikaner Live

वार्ड 43, 56 व 57 की समस्याओं को लेकर नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

जल्द समाधान का मिला हैं  आश्वासन

बीकानेर। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के जसरूसर गेट मंडल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमल किशोर साध सहित स्थानीय नागरिकों ने मंगलवार को नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर वार्ड संख्या 43, 56 एवं 57 की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि इन वार्डों में पिछले डेढ़ वर्ष से सीवर लाइन जाम, सड़कों की सफाई, टूटी नालियों की मरम्मत तथा नई सड़कों के निर्माण जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। विशेष रूप से जसरूसर गेट से पूगल फांटा जाने वाले मुख्य मार्ग पर सीवर जाम होने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार ऑनलाइन शिकायतें और पूर्व में भी ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

ज्ञापन में नगर निगम के संबंधित कर्मचारियों एवं ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर नई सीवर लाइन बिछाने, नई नालियों का निर्माण तथा क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण कराने की मांग रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी जन आंदोलन, नगर निगम कार्यालय का घेराव एवं धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे।

नगर निगम आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इससे क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का जल्द निस्तारण होगा।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!