CEIR पोर्टल बना मददगार, लाखों के मोबाइल लौटाकर पुलिस ने बिखेरी मुस्कान
बीकानेर रेंज पुलिस का ऑपरेशन सफल, 25 लाख से अधिक कीमत के 100 मोबाइल मालिकों को लौटाए



बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी सफलता:
बीकानेर, 14 जुलाई। बीकानेर रेंज पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मात्र 30 दिनों में 100 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओम प्रकाश (IPS) के निर्देशन में रेंज कार्यालय की सोशल मीडिया सेल ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई की। बीकानेर रेंज के जिलों बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर 3 दिन से लेकर 4 वर्ष पूर्व तक गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में आईजी ओम प्रकाश ने मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। वर्षों बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा, सहायक पुलिस अधीक्षक अनुष्ठा कालिया (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखविंदरपाल सिंह तथा पुलिस उप अधीक्षक प्रह्लाद राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















