बीकानेर पीडियाट्रिक्स सोसाइटी एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार शाम गंगा महल होटल में “गर्भाशय ग्रीवा कैंसर – बच्चेदानी के मुँह का कैंसर” विषय पर विशेष डॉक्टर सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों और किशोरियों में एचपीवी टीके के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम के लिए चिकित्सकों को नवीनतम जानकारी से अवगत कराना था।
मुख्य वक्ता डॉ. महेश शर्मा ने एचपीवी टीके के नवीनतम अपडेट्स पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण से इस कैंसर को काफी हद तक रोका जा सकता है। संयुक्त निदेशक डॉ. देवेंद्र चौधरी ने कैंसर रोकथाम के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शंकर लाल जाखड़ ने उपस्थित चिकित्सकों के प्रश्नों का वैज्ञानिक आधार पर समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवल ने किया। डॉ. रुचि सक्सेना की सक्रिय सहभागिता भी रही।
इस अवसर पर बीकानेर पीडियाट्रिक्स सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कुलदीप बिठू, डॉ. ओ.पी. चाहर, डॉ. अनिल धुस्सा, डॉ. गजेंद्र सक्सेना, डॉ. हरमीत, डॉ. गुरजीत कौर, डॉ. जिया, डॉ. सारिका स्वामी, डॉ. धीरज शर्मा, डॉ. कुशाल तंवर, डॉ. राहुल सहित अनेक वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. श्याम अग्रवाल, नवजात, शिशु एवं किशोर स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने कहा कि _”एचपीवी टीका गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम की आधारशिला है। माता-पिता और किशोरियों की सही काउंसलिंग से हम एक ‘गर्भाशय ग्रीवा कैंसर मुक्त भविष्य’ की ओर बढ़ सकते हैं।”_
कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों ने समाज में जागरूकता फैलाने और प्रत्येक लड़की को टीकाकरण का लाभ दिलाने का संकल्प लिया।
आयोजन में एमएसडी से कमल, शांति लाल एवं गंगा महल होटल टीम के सहयोग की सराहना की गई।
















