


बीकानेर/जयपुर, 14 जुलाई। भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी अशोक सोनी की सहायक आयकर आयुक्त (प्रशिक्षु) के पद पर प्रशिक्षण अवधि के दौरान गृह राज्य राजस्थान के जयपुर में नियुक्ति होने तथा 13 जुलाई 2026 को सहायक आयकर आयुक्त (आयकर विभाग) के रूप में बतौर प्रशिक्षु अधिकारी पदभार ग्रहण करने के अवसर पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
यह सम्मान समारोह जयपुर में संपन्न हुआ। समारोह वरिष्ठ पत्रकार द्वारका प्रसाद सोनी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अवसर पर सामाजिक अन्वेषण एवं शोध संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र सोनी (एडवोकेट), प्रदेश अध्यक्ष राजस्थान अशोक कुमार सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने श्री सोनी का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल प्रशासनिक जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
इसी शुभ अवसर पर सेवा परमो धर्म संस्थान, बीकानेर द्वारा मारवाड़ सेवा के तत्वावधान में पीबीएम अस्पताल, बीकानेर में जल सेवा का आयोजन किया गया। यह सेवा कार्य बीकानेर में संपन्न हुआ। संस्थान के श्रवण (रवि) कूकरा, राजेश सोनी “कुंदन”, अशोक कुमार सोनी “डांवर”, शिव जी जौड़ा, प्यारे लाल सहित अन्य सेवा भावियों ने अस्पताल में उपस्थित मरीजों, उनके परिजनों एवं आमजन को शीतल पेयजल उपलब्ध कराते हुए मानव सेवा का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज के युवाओं की प्रशासनिक सेवाओं में सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत होती है। वहीं सेवा कार्यों के माध्यम से मानवता की सेवा ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र सेवा है। समारोह एवं सेवा कार्य के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अशोक सोनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समाज में शिक्षा, सेवा और संस्कारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

















