Bikaner Live

48 घंटे में चोरी का खुलासा: मंदिर में हुई वारदात का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर, 19 जुलाई। बीकानेर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए कान गणेश जी मंदिर में हुई चोरी की वारदात का महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। मुकताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को कान गणेश जी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई थी। इस संबंध में थाना 17 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस महानिरीक्षक रेंज बीकानेर एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुकताप्रसाद नगर थानाधिकारी विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई जांच के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें 18 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी की वारदात का खुलासा हुआ तथा उनके कब्जे से चोरी किया गया माल भी बरामद कर लिया गया। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है, जिससे और भी खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस ने बताया कि मामले के अनुसंधान में आसूचना संकलन एवं तकनीकी विश्लेषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने लगातार निगरानी रखते हुए 48 घंटे के भीतर पूरे मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में थानाधिकारी विश्वजीत सिंह, हेड कांस्टेबल योगेन्द्र, कांस्टेबल छगनलाल तथा कांस्टेबल मनोज की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!