
महाराजश्री का आगमन 28 की सांझ 4 बजे पारीक भवन पर स्वागत के बाद रथ गाड़ी घोड़ा और बैंड बाजों से भव्य कलश यात्रा
नोखा | धर्म नगरी नोखा में परम पूज्य ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज (दंडी स्वामी) का आसाढ़ शुक्ल पूर्णिमा 29 जुलाई 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले भव्य चातुर्मास व शतमुख कोटि होमात्मक अयुत चण्डी महायज्ञ की तैयारियां परवान पर है। लाहोटी चौक स्थित वीर हनुमान मंदिर के समीपी भव्य पांडाल (80×160 फुट) का निर्माण लगभग पूर्णता की ओर है। चातुर्मास सत्संग समिति के प्रहलाद मोहता, दामोदर तिवाड़ी, गिरधारी पारीक आदि कार्य की देख रेख में जुटे हुए है। इन्होंने बताया कि कथा व्यास अनन्त विभूषित परम पूज्य दण्डी स्वामी ब्रह्मानंद सरस्वती महाराज (वृंदावन) 20 दण्डी स्वामी संतों के साथ 28 जुलाई की सांझ 4 बजे पारीक भवन पर मंगल प्रवेश होगा जहां पारीक समाज सहित उनका भव्य स्वागत किया जावेगा तत्पश्चात यहां से भव्य कलश यात्रा का आयोजन होगा। गाजे बाजे जसवन्तगढ़ के खास कलाकारों द्वारा रथों पर सजी संजीव झांकिया, सजे धजे ऊँटो, घोड़ियों, दोपहिया वाहनों व एक रंग की साड़ियों में सजी धजी महिलाएं एंव पुरुष कलश यात्रा में शामिल होकर मुख्य बाजार सहित मुख्य-मुख्य मार्गों से होती हुई कलश यात्रा कथा स्थल अयोध्या धाम लाहोटी चौक पहुंचेगी वहां प्रसाद वितरण होगा। अगले दिन 29 जुलाई को कथा प्रारंभ होगी। सांय 3 से 4 बजे भजन किर्तन व 4 बजे से सांय 6 बजे तक चातुर्मास कथा होगी। संत संग समीति के इन्द्रचन्द मोदी ने प्रेस नोट जारी करते हुए जानकारी दी।
मोदी ने बताया कि संत महात्माओं का आवास संत निवास माहेश्वरी भवन में होगा। कार्यक्रम का प्रचार प्रसार कार्ड वितरण आदि कार्य जारी है।













