



महावीर इंटरनेशनल एपैक्स का बीकानेर संभागीय दो दिवसीय अधिवेशन एवं कार्यशाला सम्पन्न, सरकारी विभागों के साथ मिलकर जनसेवा का लिया संकल्प
बीकानेर, महावीर इंटरनेशनल एपैक्स द्वारा आयोजित बीकानेर संभाग का दो दिवसीय संभागीय अधिवेशन एवं कार्यशाला रविवार को भीनासर स्थित ओसवाल पंचायती भवन में उत्साह, नवाचार और जनसेवा के संकल्प के साथ सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न राजकीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित विशेष कार्यशाला रही, जिसमें समाजसेवा को सरकारी योजनाओं से जोड़कर अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सार्थक मंथन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महावीर इंटरनेशनल एपैक्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सीए अनिल जैन ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि आज सेवा का स्वरूप बदल रहा है। केवल सेवा कार्य करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना भी प्रत्येक सामाजिक संस्था का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि “महावीर इंटरनेशनल सेवा को नई दिशा देने के लिए संकल्पित है। हमारा उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज को आत्मनिर्भर बनाना है। यदि सामाजिक संस्थाएँ और सरकारी विभाग एक मंच पर आ जाएँ, तो रोजगार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व परिवर्तन संभव है।”
वीर सीए अनिल जैन ने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए महावीर इंटरनेशनल के सभी केन्द्रों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि विभिन्न सरकारी विभाग भविष्य में भी संस्था के साथ मिलकर जनकल्याण की दिशा में कार्य करेंगे।
संभाग अध्यक्ष वीर टोडरमल चौपड़ा ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य महावीर इंटरनेशनल के सेवा प्रकल्पों को सरकारी योजनाओं के साथ जोड़कर उनकी पहुँच और प्रभाव को कई गुना बढ़ाना है।
कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक अनुराधा सक्सेना ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाएँ यदि इन योजनाओं को गाँव-गाँव और घर-घर तक पहुँचाने का कार्य करें तो हजारों परिवारों का जीवन बदल सकता है। उन्होंने संस्था को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एल. डी. पंवार ने विभाग द्वारा संचालित आर्थिक सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों तक इनका लाभ पहुँचाने के लिए सामाजिक संगठनों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक हरगोविन्द मित्तल ने कहा कि विभाग सरकारी ही नहीं बल्कि निजी क्षेत्र में भी योग्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने महावीर इंटरनेशनल से अपील की कि वह अपने सेवा नेटवर्क के माध्यम से अधिकाधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार मेलों एवं विभागीय योजनाओं से जोड़े।
कार्यशाला में एपेक्स ऑफिस प्रतिनिधि प्रकाश पालीवाल ने सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए महावीर इंटरनेशनल की वेबसाइट एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म से अधिकाधिक सदस्यों को जोड़ने तथा सेवा गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों का स्मृति-चिह्न एवं उपरणा भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महावीर इंटरनेशनल की विभिन्न संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनकी सेवाओं का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में जोन सचिव वीर राजेश वर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में क्षेत्रीय सचिव वीर संतोष कुमार बांठिया एवं चन्द्र कुमार राखेचा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
बीकानेर संभाग के विभिन्न केन्द्रों से बड़ी संख्या में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस अधिवेशन को सेवा, समन्वय और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक नई शुरुआत बताते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया।













