बीकानेर, 23 जुलाई।
167वें आयकर दिवस के उपलक्ष्य में आयकर विभाग, बीकानेर एवं ₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना परिवार (नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 को प्रातः 7:00 बजे से 9:00 बजे तक गौ चिकित्सालय, गोचर भूमि, जी गौमाता सेवा समिति, नोखा रोड, भीनासर, बीकानेर में पर्यावरण संरक्षण एवं गौसेवा पर आधारित एक विशेष सेवा अभियान आयोजित किया जाएगा।
दैनिक भास्कर के “एक पेड़ – एक ज़िंदगी” अभियान के अंतर्गत गोचर भूमि में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। इसके साथ ही गौ चिकित्सालय का अवलोकन, गौसेवा एवं समाजोपयोगी सेवा गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।
कार्यक्रम के समन्वयक सी.ए. विनोद कुमार पारख ने बताया कि इस अवसर पर ₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना परिवार द्वारा आयकर विभाग, बीकानेर का अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही आयकर विभाग, बीकानेर एवं ₹1/- प्रतिदिन सेवा योजना परिवार द्वारा बीकानेर टैक्स कंसल्टेंट्स एसोसिएशन तथा द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI), बीकानेर शाखा का भी सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम को आत्मीय एवं स्मरणीय बनाने के लिए सहभागियों के बीच गीत-संगीत (अंताक्षरी), सेल्फी एवं ग्रुप फोटो स्टेशन तथा अल्पाहार की भी व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को Certificate of Appreciation प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
आयकर अधिकारी हनुमान प्रसाद शर्मा ने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, कर अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, टैक्स प्रोफेशनल्स एवं पर्यावरण एवं गौसेवा से जुड़े सभी नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता कर इस सेवा अभियान को सफल बनाने की अपील की है।












